चीनी की बढ़ती कीमतों ने बढ़ाई सरकार की चिंता, डीलरों के लिए 15 दिन की स्टॉक लिमिट

चीनी की बढ़ती कीमतों ने बढ़ाई सरकार की चिंता, डीलरों के लिए 15 दिन की स्टॉक लिमिट

देश में चीनी की कीमतों में लगातार हो रही बढ़ोतरी के बीच केंद्र सरकार ने सख्त कदम उठाया है। सरकार ने बड़ी मात्रा में चीनी का इस्तेमाल करने वाले डीलरों के लिए स्टॉक रखने की सीमा घटाकर 15 दिन कर दी है। नए आदेश के अनुसार, 10 मीट्रिक टन से अधिक चीनी का इस्तेमाल करने वाले डीलर अब 15 दिनों से ज्यादा का स्टॉक नहीं रख सकेंगे। यह आदेश 1 सितंबर से लागू होगा और 30 नवंबर तक प्रभावी रहेगा। त्योहारी सीजन में बढ़ती है चीनी की मांग अगस्त से नवंबर के बीच गणेश चतुर्थी, दशहरा और दिवाली जैसे प्रमुख त्योहारों के कारण चीनी की मांग बढ़ जाती है। इस दौरान बिस्कुट, मिठाई और कन्फेक्शनरी बनाने वाली कंपनियां भी त्योहारी मांग को पूरा करने के लिए पहले से बड़ी मात्रा में चीनी का स्टॉक जमा करती हैं। गौरतलब है कि पिछले महीने ही सरकार ने डीलरों के लिए 30 दिनों से अधिक चीनी का स्टॉक नहीं रखने का आदेश जारी किया था। इसके बावजूद कीमतों में बढ़ोतरी जारी रही। पिछले महीने चीनी के दाम करीब 10 फीसदी बढ़कर रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गए थे। जमाखोरी रोकने पर सरकार का जोर केंद्र सरकार का मानना है कि स्टॉक सीमा को और सख्त करने से चीनी की जमाखोरी पर रोक लगाने में मदद मिलेगी। इससे बाजार में चीनी की उपलब्धता बढ़ने और बढ़ती कीमतों को नियंत्रित करने की उम्मीद है। इससे पहले ऐसी खबरें भी सामने आई थीं कि सरकार चीनी की आपूर्ति बढ़ाने के लिए सीमित ड्यूटी-फ्री आयात समेत अन्य विकल्पों पर विचार कर रही है। त्योहारी सीजन को देखते हुए सरकार चीनी की कीमतों और बाजार में इसकी उपलब्धता पर लगातार नजर बनाए रखेगी।