पंजाब में चुनावी बिगुल: कांग्रेस ने लॉन्च किया 'पंजाब मंगदा इंसाफ' अभियान, समाज के हर वर्ग तक पहुंचने की रणनीति

पंजाब में चुनावी बिगुल: कांग्रेस ने लॉन्च किया 'पंजाब मंगदा इंसाफ' अभियान, समाज के हर वर्ग तक पहुंचने की रणनीति

पंजाब में आगामी विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए पंजाब प्रदेश कांग्रेस ने बुधवार को राज्यव्यापी 'पंजाब मंगदा इंसाफ' अभियान की शुरुआत की है। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य समाज के हर वर्ग तक पहुंच बनाना और जनहित से जुड़े मुद्दों तथा जनता की समस्याओं को प्रमुखता से उठाना है। चंडीगढ़ स्थित पार्टी मुख्यालय में पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष परगट सिंह और पंजाब विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष प्रताप सिंह बाजवा ने संयुक्त रूप से इस अभियान का आधिकारिक शुभारंभ किया। हर वर्ग से जुड़े मुद्दों को उठाएगी कांग्रेस पार्टी नेतृत्व के अनुसार, 'पंजाब मंगदा इंसाफ' अभियान के जरिए कांग्रेस राज्य के किसानों, युवाओं, नशे की गंभीर समस्या, बिगड़ती कानून-व्यवस्था और आम जनता से जुड़े बुनियादी मुद्दों को जनता के बीच लेकर जाएगी। पत्रकारों से बातचीत करते हुए नेता प्रतिपक्ष प्रताप सिंह बाजवा ने बताया कि इस अभियान के तहत प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पंजाब के अलग-अलग हिस्सों का दौरा करेंगे और जमीनी स्तर पर लोगों की समस्याओं को उठाएंगे। बाजवा ने सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी (आप) सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी आम आदमी पार्टी सरकार द्वारा सरकारी कर्मचारियों और पेंशनभोगियों के साथ किए गए धोखे, पुरानी पेंशन योजना (OPS) को लागू न करने, राज्य की बदहाल वित्तीय स्थिति और कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर सरकार को घेरेगी। 'आप' सरकार की विफलताओं और केजरी वादों पर सवाल प्रताप सिंह बाजवा ने दावा किया कि पंजाब की 'आप' सरकार हर मोर्चे पर पूरी तरह विफल साबित हुई है। उन्होंने आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल पर सवाल उठाते हुए कहा कि केजरीवाल ने पंजाब में कॉलेज, मेडिकल कॉलेज, सड़कों और पुलों जैसे नए बुनियादी ढांचे के निर्माण के लिए हर साल 54,000 करोड़ रुपये देने का वादा किया था। लेकिन जमीन पर एक भी पैसा नहीं दिया गया। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर वह वादा किया गया पैसा कहां गया। इसके अलावा, उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने किसानों, महिलाओं और व्यापारियों के हित में भी कोई कदम नहीं उठाया है। चन्नी की साइकिल यात्रा भी अभियान का हिस्सा कांग्रेस सांसद चरणजीत सिंह चन्नी द्वारा 12 नवंबर से शुरू की जा रही साइकिल यात्रा के बारे में पूछे जाने पर बाजवा ने स्पष्ट किया कि यह भी पार्टी के व्यापक कार्यक्रम का ही एक हिस्सा है। उल्लेखनीय है कि कांग्रेस प्रचार कमेटी के अध्यक्ष चरणजीत सिंह चन्नी ने 'जवानी संभाल, जट्टा' नाम से एक साइकिल यात्रा की योजना बनाई है, जिसके तहत वे विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों के लोगों से सीधा संपर्क करेंगे। बाजवा ने कहा कि चन्नी पार्टी के वरिष्ठ नेता हैं और उनके इस कार्यक्रम से कांग्रेस का संदेश पूरे पंजाब में पहुंचेगा। उन्होंने कहा कि पूरी पार्टी एकजुट होकर इस अभियान को चलाएगी और गुरुवार को सभी नेता चन्नी की साइकिल यात्रा में शामिल होंगे। नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि पंजाब के तीनों प्रमुख क्षेत्रों—माझा, मालवा और दोआबा—में अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे ताकि अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचा जा सके।