महंगाई की मार: कनाडा में बच्चों की खेलकूद और अन्य गतिविधियों का खर्च उठाने के लिए कर्ज लेने को मजबूर माता-पिता

महंगाई की मार: कनाडा में बच्चों की खेलकूद और अन्य गतिविधियों का खर्च उठाने के लिए कर्ज लेने को मजबूर माता-पिता

कनाडा में बच्चों के खेलकूद और पाठ्येतर (एक्स्ट्रा-करिकुलर) गतिविधियों पर होने वाला खर्च माता-पिता के लिए एक बड़ी आर्थिक चुनौती बनता जा रहा है। प्रतिष्ठित संस्था 'नैनोस रिसर्च' (Nanos Research) द्वारा किए गए एक ताजा सर्वेक्षण में यह चौंकाने वाला तथ्य सामने आया है कि कई अभिभावक अपने बच्चों की गतिविधियों की फीस पूरी करने के लिए घरेलू खर्चों में भारी कटौती कर रहे हैं, जबकि एक बड़ा वर्ग कर्ज लेने तक को मजबूर है। इस सर्वेक्षण में देश भर के 475 माता-पिता को शामिल किया गया था। सर्वे के नतीजों के अनुसार, 30 प्रतिशत अभिभावकों ने स्वीकार किया कि वे बच्चों की गतिविधियों का खर्च उठाने के लिए अपने अन्य जरूरी खर्चों को कम कर रहे हैं, वहीं 14 प्रतिशत माता-पिता ने इसके लिए कर्ज लेने की बात कही है। इसके अलावा, 6 प्रतिशत अभिभावकों ने बच्चों की उच्च शिक्षा के लिए की जाने वाली बचत को रोक दिया है, जबकि 2 प्रतिशत माता-पिता अतिरिक्त काम (ओवरटाइम या दूसरी नौकरी) करके पैसे जुटा रहे हैं। नैनोस रिसर्च के प्रमुख निक नैनोस के मुताबिक, 35 वर्ष से कम आयु के युवा माता-पिता पर यह वित्तीय दबाव कहीं अधिक गंभीर है। अभिभावकों का कहना है कि हॉकी, तैराकी, कला (आर्ट) की कक्षाओं और अन्य रचनात्मक गतिविधियों की फीस में लगातार वृद्धि हो रही है, जिससे घर का बजट संभालना मुश्किल हो गया है। बढ़ते खर्चों से निपटने के लिए कनाडाई परिवार कई तरह के व्यावहारिक तरीके अपना रहे हैं। लागत कम करने के लिए कई माता-पिता बच्चों के लिए नए के बजाय पुराना (सेकंड-हैंड) सामान खरीद रहे हैं। इतना ही नहीं, टूर्नामेंट या कार्यक्रमों के दौरान यात्रा खर्च बचाने के लिए परिवार होटलों में रुकने के बजाय रिश्तेदारों के घर ठहरने को प्राथमिकता दे रहे हैं और बाहर खाना खाने के बजाय घर से ही खाना पैक करके ले जा रहे हैं।