कनाडा के ओंटारियो में सिख युवक की पगड़ी उतारकर डाली बीयर, मारपीट के मामले में 3 गिरफ्तार
- अंतरराष्ट्रीय
- (Asia/Kolkata)
कनाडा के ओंटारियो प्रांत के बैरी शहर में सार्वजनिक बसों में दो यात्रियों पर कथित हमले के मामले में तीन युवकों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों की उम्र 16, 18 और 19 वर्ष बताई गई है। उन पर नफरत से प्रेरित अपराधों के आरोप लगाए गए हैं। पीड़ितों में 22 वर्षीय एक सिख युवक भी शामिल है, जिसकी पगड़ी उतारने और उस पर बीयर डालने का आरोप है। बैरी पुलिस के अनुसार, यह घटना 8 नवंबर को हुई। आरोप है कि तीनों युवकों ने करीब एक घंटे के भीतर अलग-अलग बसों में दो यात्रियों को निशाना बनाया। पहली घटना शाम लगभग 7:15 बजे एसा रोड के पास एक बस में हुई, जहां 26 वर्षीय यात्री के साथ कथित तौर पर दुर्व्यवहार किया गया। पुलिस ने बताया कि आरोपियों ने यात्री पर अपमानजनक टिप्पणियां कीं, उसे धक्का दिया और थप्पड़ मारे। जब वह मदद मांगने के लिए बस चालक के पास गया, तो आरोपियों ने कथित तौर पर उसे बस से नीचे धकेल दिया और वहां से फरार हो गए। इसके बाद रात करीब 8:30 बजे इसी समूह ने योंग स्ट्रीट पर चल रही एक अन्य बस में 22 वर्षीय यात्री को निशाना बनाया। आरोप है कि आरोपियों में से एक ने उसकी पगड़ी उतार दी और उस पर बीयर डाल दी। पीड़ित ने जब पुलिस को फोन करने की कोशिश की, तो आरोपियों में से एक ने उसका मोबाइल फोन जमीन पर फेंक दिया। इसके बाद जब उसने बस चालक से मदद मांगी, तो दो आरोपियों ने उसे पकड़ लिया, जबकि तीसरे ने उसके चेहरे और शरीर पर मुक्के मारे। घटना के बाद तीनों आरोपी टैक्सी में बैठकर फरार हो गए। पुलिस ने बताया कि करीब आधे घंटे के भीतर टैक्सी का पता लगा लिया गया और तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। प्रत्येक के खिलाफ नफरत से प्रेरित अपराध के आरोप लगाए गए हैं। पुलिस ने आरोपियों और पीड़ितों की पहचान सार्वजनिक नहीं की है। दोनों यात्रियों को गंभीर चोटें नहीं आईं। हिंदू सिख यूनिटी फोरम कनाडा ने 22 वर्षीय पीड़ित की पहचान सिख युवक के रूप में की है। ओंटारियो के नागरिकता एवं बहुसांस्कृतिक मामलों के मंत्री ग्राहम मैकग्रेगर ने घटना की निंदा की है। उन्होंने पगड़ी को निशाना बनाए जाने को धार्मिक स्वतंत्रता पर हमला बताया। मैकग्रेगर ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर लिखा कि पगड़ी आस्था का पवित्र प्रतीक है और इसे निशाना बनाना किसी व्यक्ति के सम्मान तथा धार्मिक स्वतंत्रता पर खुला हमला है। वर्ल्ड सिख ऑर्गेनाइजेशन ने भी इन हमलों की निंदा की है। संगठन ने कहा कि ऐसी घटनाओं को अलग-अलग और एकाकी घटनाओं के रूप में नहीं देखा जाना चाहिए। संगठन के अनुसार, कनाडा में सिखों को निशाना बनाए जाने के बढ़ते मामलों पर गंभीरता से ध्यान देने, जवाबदेही तय करने और सिख कनाडाई नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए कदम उठाने की जरूरत है। कनाडा की 2021 की जनगणना के अनुसार, देश में 7,71,790 सिख रहते हैं, जो कुल आबादी का लगभग 2.1 प्रतिशत हैं। ओंटारियो प्रांत में 3 लाख से अधिक सिख आबादी है। भारत के बाद कनाडा में दुनिया की दूसरी सबसे बड़ी सिख आबादी रहती है। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, मामले में गिरफ्तार दोनों वयस्क आरोपियों को अधिकतम 10 वर्ष तक की जेल हो सकती है, जबकि 16 वर्षीय नाबालिग आरोपी को तीन वर्ष तक यूथ कस्टडी यानी बाल सुधार गृह में रखा जा सकता है।
Leave a Reply