कैनाडा-अमेरिका यात्रा के लिए नेक्सस कार्ड नियमों में बदलाव, जानिए अपॉइंटमेंट की नई डेडलाइन

कैनाडा-अमेरिका यात्रा के लिए नेक्सस कार्ड नियमों में बदलाव, जानिए अपॉइंटमेंट की नई डेडलाइन

कैनाडा बॉर्डर सर्विसेज एजेंसी (CBSA) ने कैनाडा और अमेरिका के बीच यात्रा को आसान बनाने वाले 'नेक्सस (NEXUS) ट्रैवल कार्ड' के आवेदकों के लिए नई समय-सीमा की घोषणा की है। नए नियमों के तहत, 1 अप्रैल 2027 से सशर्त मंजूरी (Conditional Approval) प्राप्त करने वाले आवेदकों को दो साल के भीतर अपना प्रवेश साक्षात्कार (Enrolment Interview) तय करना अनिवार्य होगा। कोविड-19 महामारी के दौरान साक्षात्कार तय करने की यह समय-सीमा बढ़ाकर पांच साल कर दी गई थी, जिसे अब घटाकर पुनः पुरानी व्यवस्था के अनुसार दो वर्ष किया जा रहा है। सरकारी अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जिन आवेदकों को 1 अप्रैल 2027 से पहले सशर्त मंजूरी मिल चुकी है, उनके लिए साक्षात्कार की समय-सीमा पांच वर्ष या 1 अप्रैल 2029 रखी गई है। यानी इन दोनों में से जो भी तिथि पहले आएगी, आवेदक को उससे पहले अपनी साक्षात्कार तिथि निर्धारित करनी होगी। सीमा अधिकारियों ने वर्तमान में साक्षात्कार की प्रतीक्षा कर रहे सभी आवेदकों को सलाह दी है कि वे जल्द से जल्द अपनी अपॉइंटमेंट बुक करें ताकि उनका आवेदन अमान्य न हो। उल्लेखनीय है कि नेक्सस कार्ड कैनाडा और अमेरिका के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों को सीमा पार करते समय तेज़ और प्राथमिकता जांच सुविधा प्रदान करता है। इस कार्ड की वैधता पांच वर्षों के लिए होती है और इसके लिए आवेदन शुल्क 120 अमेरिकी डॉलर निर्धारित है।