पटियाला के डोगरा मोहल्ले में दूषित पानी से फैला पीलिया, कई लोग अस्पताल में भर्ती
- पंजाब
- (Asia/Kolkata)
पटियाला के डोगरा मोहल्ले में पेयजल आपूर्ति में सीवरेज का गंदा पानी मिलने के कारण पीलिया फैलने का मामला सामने आया है। इस घटना के बाद क्षेत्र में चिंता का माहौल है और कई प्रभावित लोगों को अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा है। भर्ती मरीजों में एक मासूम बच्ची भी शामिल है। मामले को लेकर पंजाब भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष जय इंद्र कौर ने राज्य सरकार और स्थानीय प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने एक बयान जारी कर कहा कि जिन व्यवस्थाओं के बड़े-बड़े दावे किए जाते रहे हैं, उनके बावजूद लोगों को दूषित पानी पीने के लिए मजबूर होना पड़ा और अब वे अस्पतालों में उपचार करा रहे हैं। जय इंद्र कौर के अनुसार, डोगरा मोहल्ले में पिछले कई दिनों से पेयजल पाइपलाइन में सीवरेज का पानी मिल रहा था। क्षेत्र के निवासियों ने इस संबंध में नगर निगम को कई बार शिकायतें भी दीं, लेकिन समय रहते कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया गया। उन्होंने कहा कि प्रशासन की इस लापरवाही का परिणाम यह हुआ कि कई लोग पीलिया की चपेट में आ गए और उन्हें पटियाला के माता कौशल्या अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। उन्होंने बताया कि अस्पताल में भर्ती मरीजों में एक छोटी बच्ची भी शामिल है। वहीं डॉक्टरों के अनुसार, इलाके के कई अन्य लोगों में भी पीलिया के लक्षण पाए जा रहे हैं, जिससे बीमारी के और फैलने की आशंका बनी हुई है। जय इंद्र कौर ने स्थानीय विधायक अजीतपाल सिंह कोहली के उस बयान की भी आलोचना की, जिसमें उन्होंने डोगरा मोहल्ले की व्यवस्थाओं को पूरी तरह संतोषजनक बताया था। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि व्यवस्थाएं सही थीं, तो फिर इलाके में पीलिया कैसे फैल गया और लोग अस्पतालों तक क्यों पहुंचे। भाजपा नेता ने आरोप लगाया कि लोगों की जान और स्वास्थ्य को खतरे में डालने के लिए प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से नगर निगम और विधायक अजीतपाल सिंह कोहली जिम्मेदार हैं। उनका कहना है कि केवल कागजी दावों से वास्तविक समस्याओं का समाधान नहीं किया जा सकता। मामले की गंभीरता को देखते हुए जय इंद्र कौर ने उच्च स्तरीय जांच की मांग की है। उन्होंने कहा कि सीवरेज लीकेज को तत्काल ठीक किया जाए, क्षेत्र में स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराया जाए और पीलिया के प्रसार को रोकने के लिए मेडिकल कैंप लगाए जाएं। उन्होंने अस्पताल में भर्ती सभी मरीजों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हुए चेतावनी दी कि यदि लोगों के स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याओं को गंभीरता से नहीं लिया गया, तो भाजपा इस मुद्दे पर व्यापक आंदोलन शुरू करने से पीछे नहीं हटेगी।
Leave a Reply