रजवाहे में दो जगह 25-25 फीट का कटाव, पूरी रात पानी रोकने में जुटे ग्रामीण
- पंजाब
- (Asia/Kolkata)
महिमा सरकारी से महिमा भगवाना संपर्क मार्ग के निकट कोट भाई रजवाहे के मोगा नंबर 71,000 राइट के पास गुरुवार देर रात करीब 11 बजे रजवाहा दोनों ओर से टूट गया। इस घटना के कारण दोनों स्थानों पर लगभग 25-25 फीट का कटाव हो गया और बड़ी मात्रा में पानी आसपास के खेतों में फैल गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार करीब 500 एकड़ क्षेत्र में पानी भर गया है, जिससे किसानों की फसलों और धान की पौध (पनीरी) को भारी नुकसान पहुंचा है। ग्रामीणों ने बताया कि जैसे ही रजवाहा टूटने की सूचना मिली, गुरुद्वारा साहिब के लाउडस्पीकर के माध्यम से लोगों को एकत्र किया गया। इसके बाद ग्रामीण और किसान पूरी रात अपने स्तर पर पानी का बहाव रोकने के प्रयास में जुटे रहे। ग्रामीणों का आरोप है कि नहरी विभाग के अधिकारियों को कई बार फोन कर घटना की जानकारी दी गई, लेकिन विभाग की ओर से तत्काल कोई कार्रवाई नहीं की गई। उनका कहना है कि संबंधित एसडीओ की ओर से टीम भेजने का भरोसा दिया जाता रहा, लेकिन समाचार लिखे जाने तक विभाग का कोई जिम्मेदार अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा। इस मामले में एक्सईएन जगमीत सिंह भाकर ने दावा किया कि रजवाहे में पानी का प्रवाह कम कर दिया गया है। हालांकि ग्रामीणों का कहना है कि पानी का बहाव लगातार बढ़ता रहा, जिससे खेतों में जलभराव की स्थिति और गंभीर हो गई। रजवाहा टूटने से किसान हविंदर पाल, राजा सिंह, पाला सिंह, शेरा सिंह, लीलू सिंह, हरपाल सिंह, रेशम सिंह, गुरजीत सिंह, निंदर शर्मा, मेशी शर्मा सहित अन्य किसानों की लगभग 500 एकड़ भूमि पानी में डूब गई। किसानों ने बताया कि उनकी धान की पौध, जिसे उन्होंने बेटे की तरह मेहनत से तैयार किया था, पूरी तरह बर्बाद हो गई है। इससे उन्हें भारी आर्थिक नुकसान झेलना पड़ा है। पीड़ित किसानों ने घोषणा की है कि वे आज बठिंडा दौरे के दौरान पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान से मिलकर पूरे मामले की जानकारी देंगे। किसानों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कटाव की मरम्मत नहीं की गई और उनकी समस्याओं का समाधान नहीं हुआ, तो वे सड़क पर उतरकर आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे।
Leave a Reply