पंजाब की राजनीति में बढ़ा विवाद, बिट्टू के बयान पर मचा हंगामा
- पंजाब
- (Asia/Kolkata)
केंद्रीय राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान पर तीखा हमला बोलते हुए उन्हें लेकर विवादित बयान दिया है। मीडिया से बातचीत के दौरान बिट्टू ने कहा कि मुख्यमंत्री देश को खतरे में डालना चाहते हैं और प्रधानमंत्री के काम में बाधा पहुंचाने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने भगवंत मान को “ISI का एजेंट” तक कह दिया। रवनीत बिट्टू ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान की गतिविधियों पर नजर रखी जानी चाहिए। यह बयान उस समय सामने आया जब पत्रकारों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हालिया विदेश दौरे पर मुख्यमंत्री मान द्वारा की गई टिप्पणी को लेकर उनसे सवाल पूछा। बिट्टू ने कहा कि प्रधानमंत्री पूरे देश के नेता हैं और विदेश दौरों के दौरान उन्हें तेल और गैस जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों का समाधान करना होता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संयुक्त अरब अमीरात (UAE) जाकर तेल से जुड़े मामलों को सुलझाने का प्रयास किया है। केंद्रीय मंत्री के इस बयान के बाद पंजाब की राजनीति में नया विवाद खड़ा हो गया है। राजनीतिक हलकों में इस टिप्पणी को लेकर तीखी प्रतिक्रियाएं आने की संभावना जताई जा रही है। हालांकि, समाचार लिखे जाने तक मुख्यमंत्री भगवंत मान या आम आदमी पार्टी की ओर से इस मामले पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई थी।
Leave a Reply