पंजाब के लिए गर्व का क्षण: महाराजा रणजीत सिंह प्रीपेरेटरी इंस्टीट्यूट के 6 कैडेट एन.डी.ए. और 2 कैडेट तकनीकी प्रवेश योजना से पास आउट हुए

पंजाब के लिए गर्व का क्षण: महाराजा रणजीत सिंह प्रीपेरेटरी इंस्टीट्यूट के 6 कैडेट एन.डी.ए. और 2 कैडेट तकनीकी प्रवेश योजना से पास आउट हुए

पंजाब के लिए अत्यंत गर्व की बात है कि महाराजा रणजीत सिंह आर्म्ड फोर्सेज प्रीपेरेटरी इंस्टीट्यूट, एस.ए.एस. नगर के छह कैडेट प्रतिष्ठित राष्ट्रीय रक्षा अकादमी (एन.डी.ए.), खड़कवासला के 151वें कोर्स की पासिंग आउट परेड से स्नातक हुए हैं। इस परेड का निरीक्षण भारत के रक्षा मंत्री श्री राजनाथ सिंह द्वारा किया गया। इसके अतिरिक्त संस्थान के दो अन्य कैडेट तकनीकी प्रवेश योजना (टी.ई.एस.) के कैडेट प्रशिक्षण विंग्स (सी.टी.डब्ल्यू.) से स्नातक हुए हैं, जिससे एक ही दिन में पंजाब के आठ युवा पास आउट होकर जल्द अधिकारी बनने जा रहे हैं। महाराजा रणजीत सिंह आर्म्ड फोर्सेज प्रीपेरेटरी इंस्टीट्यूट में दो वर्षों के कठोर प्रशिक्षण और एन.डी.ए. में तीन वर्षों के प्रशिक्षण के उपरांत ये छह कैडेट—जिनमें मोहाली से सिमरतपाल सिंह संधू, मोक्ष सैणी और लक्ष्य शर्मा, बठिंडा से अश्मित, गुरदासपुर से तेजिंदरपाल सिंह और पठानकोट से विश्वास मित्तल शामिल हैं—अब विभिन्न सर्विस ट्रेनिंग अकादमियों में जाएंगे और एक वर्ष बाद अधिकारी के रूप में कमीशन प्राप्त करेंगे। इसी दौरान मिलिट्री कॉलेज ऑफ इलेक्ट्रिकल एंड मैकेनिकल इंजीनियरिंग (एम.सी.ई.एम.ई.), सिकंदराबाद से सक्षम मलिक और कॉलेज ऑफ मिलिट्री इंजीनियरिंग (सी.एम.ई.) से मेहताब सिंह सिद्धू तकनीकी प्रवेश योजना के तहत अपने-अपने कैडेट प्रशिक्षण विंग्स से स्नातक हुए हैं। ये दोनों कैडेट अब इंडियन मिलिट्री अकादमी (आई.एम.ए.) में जाएंगे और एक वर्ष के प्रशिक्षण के बाद अधिकारी के रूप में कमीशन प्राप्त करेंगे। कैडेटों को इस शानदार उपलब्धि पर बधाई देते हुए पंजाब के रोजगार सृजन, कौशल विकास और प्रशिक्षण मंत्री श्री अमन अरोड़ा ने कहा कि इन युवाओं की सफलता पूरे राज्य के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कैडेटों को प्रेरित किया कि वे इसी अनुशासन, लगन और कड़ी मेहनत के साथ आगे बढ़ते हुए सशस्त्र बलों में भी अधिकारी के रूप में पंजाब और देश का नाम रोशन करें। कैबिनेट मंत्री ने महाराजा रणजीत सिंह ए.एफ.पी.आई. द्वारा लगातार दिए जा रहे शानदार परिणामों पर पूर्ण संतोष व्यक्त किया। महाराजा रणजीत सिंह आर्म्ड फोर्सेज प्रीपेरेटरी इंस्टीट्यूट के निदेशक मेजर जनरल (सेवानिवृत्त) अजय एच. चौहान, वी.एस.एम., ने भी कैडेटों को सफलतापूर्वक स्नातक होने पर बधाई दी और पंजाब के युवाओं को सशस्त्र सेनाओं में अधिकारी बनने के योग्य बनाने में संस्थान के अमूल्य योगदान को उजागर किया। उन्होंने बताया कि संस्थान के 15 अन्य कैडेट दिसंबर 2026 में शुरू होने वाले कोर्सों के लिए जॉइनिंग लेटर का इंतजार कर रहे हैं। इसके अतिरिक्त दिसंबर 2026 में इंडियन मिलिट्री अकादमी (आई.एम.ए.) और एयर फोर्स अकादमी (ए.एफ.ए.) से 10 और कैडेट अधिकारी के रूप में कमीशन प्राप्त करेंगे, जिससे संस्थान के शानदार रिकॉर्ड में एक और स्वर्णिम अध्याय जुड़ जाएगा।