आज नहीं खुलेंगी अधिकांश मेडिकल दुकानें, आपातकालीन सेवाओं के लिए विशेष इंतजाम

आज नहीं खुलेंगी अधिकांश मेडिकल दुकानें, आपातकालीन सेवाओं के लिए विशेष इंतजाम

पंजाब और चंडीगढ़ में आज मेडिकल स्टोर बंद रहेंगे। यह हड़ताल ऑल इंडिया ऑर्गेनाइजेशन ऑफ केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट द्वारा 20 मई को दिए गए देशव्यापी बंद के आह्वान के समर्थन में की जा रही है। हड़ताल के चलते राज्यभर में थोक और खुदरा दवा दुकानों का संचालन प्रभावित रहेगा। पठानकोट थोक एवं खुदरा केमिस्ट एसोसिएशन के महासचिव दविंदर अरोड़ा ने बताया कि हड़ताल 19 मई की मध्यरात्रि से शुरू होकर 20 मई की मध्यरात्रि तक जारी रहेगी। इस दौरान सभी थोक और खुदरा मेडिकल स्टोर बंद रहेंगे। केमिस्ट संगठनों ने आरोप लगाया है कि ई-फार्मेसी कंपनियां भारी छूट देकर बाजार पर कब्जा करने की कोशिश कर रही हैं, जिससे छोटे कारोबारियों के कामकाज पर गंभीर असर पड़ रहा है। उन्होंने ऑनलाइन दवाओं की वैधता और उनके स्टोरेज मानकों को लेकर भी चिंता जताई है। संगठनों ने केंद्र सरकार से मांग की है कि दवाओं की ऑनलाइन अवैध बिक्री पर तुरंत रोक लगाई जाए। उनका कहना है कि बिना उचित निगरानी के ऑनलाइन दवा बिक्री मरीजों की सुरक्षा के लिए भी खतरा बन सकती है। हालांकि, आपातकालीन स्थिति में मरीजों को राहत देने के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किए गए हैं। वहीं, चंडीगढ़ प्रशासन ने दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए कुछ मेडिकल स्टोर और प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र खुले रखने का फैसला किया है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी सूची के अनुसार PGI, GMCH-32, GMCH-16 और अन्य बड़े अस्पतालों के आसपास कुछ मेडिकल स्टोर खुले रहेंगे। इनमें नए ओपीडी ब्लॉक, इमरजेंसी विंग, ट्रॉमा सेंटर और विभिन्न अस्पताल परिसरों के पास स्थित फार्मेसी स्टोर शामिल हैं। इसके अलावा सेक्टर-22, सेक्टर-33, सेक्टर-34, मनीमाजरा और अन्य इलाकों में भी कुछ चुनिंदा मेडिकल स्टोर और जन औषधि केंद्र सेवाएं देते रहेंगे।