कनाडा: हवाई अड्डों पर 7 हजार कर्मचारियों की होगी छंटनी, बैग के टैग बदलकर नशा तस्करी के मामले सामने आने के बाद बड़ा फैसला
- अंतरराष्ट्रीय
- (Asia/Kolkata)
कनाडा के कुछ अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डों पर यात्रियों के सूटकेसों के टैग बदलकर नशीले पदार्थ और अन्य अवैध वस्तुएं बाहर निकालने के मामले सामने आने के बाद कनाडा का परिवहन विभाग सख्त कार्रवाई के मूड में है। परिवहन मंत्री ने घोषणा की है कि देश के अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डों पर कार्यरत कर्मियों के आपराधिक रिकॉर्ड की जांच में यह बात सामने आई है कि बड़ी संख्या में, यानी सात हजार कर्मचारियों का रिकॉर्ड संतोषजनक या साफ नहीं है। मंत्री ने यह भी स्पष्ट किया कि इस आपराधिक रिकॉर्ड में छोटे-मोटे अपराध, जैसे कि गंभीर यातायात नियम उल्लंघन भी शामिल हैं। उन्होंने कहा कि अब इन कर्मचारियों की पृष्ठभूमि और प्रवृत्ति की पड़ताल की जाएगी कि उनमें से किन लोगों से अनजाने में गलतियां हुई हैं और किनकी मंशा गलत रही है। मंत्री के अनुसार, यात्रियों की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। गौरतलब है कि बीते वर्षों के दौरान कनाडा के हवाई अड्डों पर ऐसी कई घटनाएं घटित हुई हैं, जिन्होंने वहां की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। तीन वर्ष पूर्व टोरंटो पियर्सन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर विदेश से कार्गो के माध्यम से आए सैकड़ों करोड़ रुपये मूल्य के सोने की खेप की डिलीवरी किसी ने फर्जी बिल्टी के जरिए प्राप्त कर ली थी। हालांकि इस मामले में एयर कनाडा में मैनेजर के पद पर कार्यरत भारतीय मूल के व्यक्ति पर आरोप लगा था, लेकिन पुलिस चोरी किए गए उस सोने या नकदी का 2 प्रतिशत हिस्सा भी बरामद नहीं कर सकी थी। वहीं, पिछले महीने कर्मचारियों द्वारा सामान्य यात्रियों के सूटकेसों के टैग तस्करों के सूटकेसों से बदलकर सामान बाहर निकलवाने का मामला भी सुर्खियों में रहा था। इसका खामियाजा आज तक उन निर्दोष यात्रियों को भुगतना पड़ रहा है, जिनके बैग्स पर नशीले पदार्थों वाले सूटकेसों के टैग लगा दिए गए थे। इस प्रकरण की गूंज ओटावा स्थित संसद में भी सुनाई दी थी।
Leave a Reply