ऐतिहासिक उपलब्धि: अमृतसर-जामनगर एक्सप्रेसवे पर पहली बार उतरे भारतीय सेना के विमान, गडकरी ने साझा किया वीडियो
- राष्ट्रीय
- (Asia/Kolkata)
नागरिक-सैन्य समन्वय (सिविल-मिलिट्री कोऑर्डिनेशन) का एक अनूठा उदाहरण पेश करते हुए भारतीय सेना के चार 'माइक्रोलाइट' (हल्के/छोटे) विमानों ने गुजरात में अमृतसर-जामनगर आर्थिक गलियारे (NH-754A) के एक हिस्से पर सफलतापूर्वक उड़ान भरी और वहीं पर लैंडिंग की। केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने गुरुवार को कहा कि इस घटनाक्रम ने यह दर्शाया है कि राष्ट्रीय राजमार्ग सशस्त्र बलों की रणनीतिक और परिचालन संबंधी आवश्यकताओं को पूरा करने में सक्षम हैं। गडकरी ने अपने सोशल मीडिया हैंडल 'एक्स' (X) पर विमानों के उड़ान भरने और उतरने का वीडियो भी साझा किया है। अपनी पोस्ट में केंद्रीय मंत्री ने बताया कि भारतीय सेना की 'टीम माउंटेन ईगल्स' से जुड़े और 'विंग्स ऑफ वेलर एंड यूनिटी एक्सपीडिशन' में भाग ले रहे इन विमानों ने आर्थिक गलियारे के चैनेज किलोमीटर 946 और किलोमीटर 949 के बीच इस अभ्यास को अंजाम दिया। इसे भारतीय सेना और भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) के बीच समन्वय का एक ऐतिहासिक प्रदर्शन करार देते हुए उन्होंने कहा कि सफल लैंडिंग और टेक-ऑफ विश्व स्तरीय राजमार्ग बुनियादी ढांचा विकसित करने की सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है, जो न केवल संपर्क और आर्थिक विकास को बढ़ावा देता है, बल्कि सशस्त्र बलों की रणनीतिक और परिचालन जरूरतों को भी पूरा करता है। भारतीय सेना के जारी राष्ट्रीय उड़ान अभियान 'विंग्स ऑफ वेलर एंड यूनिटी एक्सपीडिशन' के तहत सेना की प्रतिष्ठित एयरो-एडवेंचर टीम 'टीम माउंटेन ईगल्स' के सभी चारों विमानों—जिनमें दो फिक्स्ड-विंग माइक्रोलाइट और दो फ्लेक्सिबल-विंग पावर्ड हैंग ग्लाइडर शामिल हैं—ने निर्धारित राजमार्ग खंड पर सटीक लैंडिंग की और जमीन पर तेजी से ईंधन भरा। नितिन गडकरी ने कहा कि इस अभ्यास ने जहां भी संभव हो, उचित सुरक्षा उपायों और समन्वय के अंतर्गत एयरो-एडवेंचर, पर्यटन और अन्य उभरती गतिविधियों को प्रोत्साहित करने के लिए राष्ट्रीय राजमार्गों की संभावनाओं को भी उजागर किया है। सेना की टीम माउंटेन ईगल्स, एनएचएआई और इस अभ्यास में शामिल अन्य एजेंसियों को बधाई देते हुए उन्होंने उनके तालमेल और इस पहल को सफलतापूर्वक पूरा करने की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार एक मजबूत, लचीला और भविष्य के लिए तैयार राष्ट्रीय राजमार्ग नेटवर्क बनाने के लिए प्रतिबद्ध है, जो पारंपरिक संपर्क से आगे बढ़कर देश की विकास, रणनीतिक और आपातकालीन प्रतिक्रिया (इमरजेंसी-रिस्पॉन्स) आवश्यकताओं को पूरा करता है। एनएचएआई ने जानकारी दी कि भारतीय सेना के पायलटों, राज्य पुलिस और स्थानीय जिला अधिकारियों के साथ मिलकर काम करते हुए एनएचएआई की तकनीकी और घटना प्रबंधन टीमों ने यह सुनिश्चित किया कि NH-754A का चयनित हिस्सा हल्के विमानों के संचालन के लिए सभी सतही, ज्यामितीय (जियोमेट्रिक) और सुरक्षा मानकों को पूरा करता है। एनएचएआई के फील्ड कर्मियों ने गलियारे की साफ-सफाई, अस्थायी यातायात के वैकल्पिक प्रबंध और अभ्यास के तुरंत बाद सामान्य वाहनों की आवाजाही को तेजी से बहाल करने की व्यवस्था की, जिससे राजमार्ग यात्रियों को न्यूनतम असुविधा हुई। इस दौरान सेना की ग्राउंड सपोर्ट यूनिट्स ने मोबाइल रिफ्यूलिंग और टर्नअराउंड प्रक्रियाओं को पूरा किया। अभियान के बेड़े—जिसमें एक्स-एयर 'हनुमान' और सवाना एमएक्सपी 740 (Savannah MXP 740) माइक्रोलाइट विमानों के साथ-साथ तनारग बायोनिक्स और नूविक्स स्काइपर पावर्ड हैंग ग्लाइडर शामिल हैं—की सफल लैंडिंग ने भारतीय सेना के पायलटों के उत्कृष्ट कौशल और भारत के आधुनिक राष्ट्रीय राजमार्ग नेटवर्क के विश्व स्तरीय इंजीनियरिंग मानकों, दोनों का प्रदर्शन किया। गुजरात के कच्छ क्षेत्र में क्षेत्रीय संपर्क और आर्थिक विकास को गति देने के अलावा NH-754A जैसे राजमार्ग विशेष विमानन, आपातकालीन लॉजिस्टिक्स और राष्ट्रीय रक्षा अभ्यासों में सहायता प्रदान करने के लिए राष्ट्रीय सड़क अवसंरचना की रणनीतिक बहुमुखी क्षमता को दर्शाते हैं। आर्मी एडवेंचर विंग (AAW), डीजीआईटी (DGIT), रक्षा मंत्रालय (सेना) के एकीकृत मुख्यालय (IHQ of MoD) के तत्वावधान में मिलिट्री कॉलेज ऑफ टेलीकम्युनिकेशन इंजीनियरिंग (MCTE), महू के आर्मी एडवेंचर नोडल सेंटर (AANC) (माइक्रोलाइट और पीएचजी) द्वारा आयोजित 'विंग्स ऑफ वेलर एंड यूनिटी एक्सपीडिशन' को 14 नवंबर को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया था। यह अभियान मध्य प्रदेश, गुजरात और राजस्थान से गुजरने के बाद 28 नवंबर को महू में संपन्न होगा।
Leave a Reply