गुवाहाटी के होटल में भीषण गोलीबारी: लीज विवाद में 5 लोगों की मौत, 1 घायल; आरोपी गिरफ्तार
- राष्ट्रीय
- (Asia/Kolkata)
असम के गुवाहाटी में सोमवार रात एक होटल के मालिक और उसे लीज (पट्टे) पर लेने वाले ठेकेदार के बीच हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया। इस दौरान हुई ताबड़तोड़ गोलीबारी में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस के अनुसार, होटल को लीज पर लेने वाले ठेकेदार ने गोलियां चलाईं, जिसे वारदात के महज एक घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया गया। यह खूनी घटना सोमवार रात करीब 9 बजे मुख्य जीएस रोड पर बोरा सर्विस के सामने स्थित 'होटल बिलास इन' में घटी। उल्लेखनीय है कि यह घटना स्थल असम पुलिस मुख्यालय से मात्र दो किलोमीटर की दूरी पर स्थित है। छह लोगों को लगीं गोलियां मामले की जानकारी देते हुए गुवाहाटी के पुलिस आयुक्त पार्थ सारथी महंता ने बताया कि गोलीबारी की इस घटना में कुल छह लोगों को गोलियां लगी थीं। इनमें से पांच लोगों ने घावों का ताब न सहते हुए दम तोड़ दिया, जबकि एक घायल व्यक्ति का अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस आयुक्त ने बताया कि वारदात में इस्तेमाल की गई .32 बोर की लाइसेंसी पिस्टल बरामद कर ली गई है। आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि पूरा मामला होटल के पट्टे (लीज) के समझौते से जुड़ा हुआ संपत्ति विवाद था। होटल मालिक के करीबियों को मारी गईं गोलियां पुलिस आयुक्त के अनुसार, मारे गए सभी पांचों लोग होटल मालिक से जुड़े हुए थे। लीज ठेकेदार ने खुद गोलियां चलाकर इनकी हत्या कर दी। घटना के बाद सामने आए वीडियो में होटल के रिसेप्शन के पास और सड़क पर शव पड़े दिखाई दे रहे हैं। पुलिस ने बताया कि आरोपी वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गया था, लेकिन पुलिस की त्वरित कार्रवाई के चलते उसे एक घंटे के भीतर काबू कर लिया गया। फिलहाल मामले के अन्य विवरणों और विवाद की पृष्ठभूमि की गहन जांच जारी है।
Leave a Reply