हरचरण भुलर केस: रोपड़ डीसी दफ्तर के क्लर्क ने दिए थे क्रिशानु के घर से बरामद 21 लाख रुपये, ईडी का दावा
- पंजाब
- (Asia/Kolkata)
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने दावा किया है कि पंजाब के निलंबित डीआईजी हरचरण सिंह भुलर के कथित सहयोगी क्रिशानु शारदा ने एजेंसी के समक्ष स्वीकार किया है कि 16 अक्टूबर, 2025 को सीबीआई द्वारा उसके आवास से बरामद की गई 21 लाख रुपये की नकदी उसे रोपड़ के उपायुक्त (डीसी) कार्यालय के एक क्लर्क ने दी थी। ईडी के अनुसार, यह राशि अमृतसर निवासी हरजीत सिंह से जुड़े जमीन मुआवजे के मामले को एक आईएएस अधिकारी के माध्यम से हल करवाने के बदले दी गई थी। उल्लेखनीय है कि ईडी ने मनी लॉन्ड्रिंग के इस मामले में पंजाब के उच्च अधिकारियों पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। विशेष पीएमएलए अदालत में दाखिल चार्जशीट का हिस्सा है बयान ईडी ने रिमांड अवधि के दौरान 18 सितंबर, 2026 से 25 सितंबर, 2026 तक धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए), 2002 की धारा 50 के तहत क्रिशानु शारदा के बयान दर्ज किए थे। यह बयान ईडी द्वारा पीएमएलए, 2002 की धारा 44(1)(बी) और धारा 45 के अंतर्गत चंडीगढ़ की विशेष पीएमएलए अदालत में क्रिशानु शारदा के विरुद्ध दायर की गई अभियोजन शिकायत (चार्जशीट) का हिस्सा है। फायरमैन और हॉकी कोच से बिचौलिए तक का सफर अभियोजन शिकायत के मुताबिक, शारदा ने ईडी को बताया कि उसने वर्ष 2018 से 2022 तक नगर परिषद, मंडी गोबिंदगढ़ में अनुबंध के आधार पर फायरमैन के रूप में कार्य किया था और इसके बाद 2021 से 2025 तक बच्चों को हॉकी की कोचिंग दी। उसने दावा किया कि वह कोचिंग से प्रतिमाह लगभग 50,000 रुपये कमाता था तथा हॉकी टूर्नामेंटों से नकद पुरस्कार भी प्राप्त करता था। तबादलों और सरकारी कामों के बदले रिश्वत लेने का कबूलनामा 23 सितंबर, 2026 को दर्ज कराए गए अपने बयान में शारदा ने पंजाब सरकार के अधिकारियों के तबादले व तैनाती करवाने तथा सरकारी अधिकारियों से विभिन्न काम और लाभ दिलवाने के बदले लगभग 15 लाख रुपये प्राप्त करने की बात कबूली। उसने ऐसे कई उदाहरणों का खुलासा किया, जहां उसने रिश्वत लेकर अधिकारियों के तबादले करवाए और सरकारी अफसरों के जरिए काम पूरे करवाए। इनमें से एक प्रमुख मामले में उसने स्वीकार किया कि एक सरकारी अधिकारी का तबादला करवाने के लिए उसने 5 लाख रुपये लिए थे, जिसमें से 3 लाख रुपये आगे एक बिचौलिए को दे दिए गए और 2 लाख रुपये उसने स्वयं कमीशन के तौर पर रख लिए। इसके अतिरिक्त उसने यह भी माना कि सरकारी अधिकारियों की आगामी तबादला सूचियों के बारे में पहले ही जानकारी देने के बदले उसने विभिन्न अवसरों पर लगभग 50,000 रुपये लिए थे। सीबीआई की शुरुआती कार्रवाई से शुरू हुई थी जांच 16 अक्टूबर, 2025 को सीबीआई द्वारा उसके घर से बरामद 21 लाख रुपये की नकदी के संबंध में उसने स्पष्ट किया कि यह रकम उसे डीसी कार्यालय, रोपड़ के एक क्लर्क द्वारा अमृतसर निवासी हरजीत सिंह के भूमि मुआवजा मामले को एक आईएएस अधिकारी के जरिए निपटाने के बदले दी गई थी। इस प्रकार उसने स्वीकार किया कि बरामद की गई नकदी उसे सरकारी काम करवाने के एवज में ही मिली थी। गौरतलब है कि क्रिशानु शारदा को 16 अक्टूबर, 2025 को एच.एस. भुलर के साथ सीबीआई ने शिकायतकर्ता से मांगी गई रिश्वत के हिस्से के रूप में कथित तौर पर 5,00,000 रुपये लेते हुए गिरफ्तार किया था। इस मामले में शुरुआती एफआईआर सीबीआई ने आकाश की शिकायत पर दर्ज की थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि उस समय पंजाब पुलिस के रोपड़ रेंज के डीआईजी पद पर तैनात भुलर ने थाना सरहिंद में दर्ज एक एफआईआर में पक्षपातपूर्ण कार्रवाई करने और शिकायतकर्ता के कारोबार के खिलाफ कोई सख्त कदम न उठाना सुनिश्चित करने के लिए निजी बिचौलिए क्रिशानु शारदा के माध्यम से अवैध रिश्वत की मांग की थी। सीबीआई द्वारा दर्ज किए गए इसी मामले के आधार पर ईडी ने मनी लॉन्ड्रिंग की जांच शुरू की थी।
Leave a Reply