पंजाब की दो यूनिवर्सिटीज में नए वीसी की नियुक्ति जल्द, राज्यपाल को भेजे गए तीन-तीन नाम
- पंजाब
- (Asia/Kolkata)
पंजाब की दो प्रमुख विश्वविद्यालयों में नए वाइस चांसलरों की नियुक्ति की प्रक्रिया अब अंतिम चरण में पहुंच गई है। पंजाब सरकार ने बाबा फरीद यूनिवर्सिटी ऑफ हेल्थ साइंसेज, फरीदकोट और आई.के. गुजराल पंजाब टेक्निकल यूनिवर्सिटी, जालंधर के कुलपति पद के लिए तीन-तीन उम्मीदवारों के नाम वाला पैनल राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया को भेज दिया है। अब राज्यपाल इन पैनलों में से एक-एक उम्मीदवार के नाम को मंजूरी दे सकते हैं। बाबा फरीद यूनिवर्सिटी ऑफ हेल्थ साइंसेज के पूर्व वाइस चांसलर डॉ. राजीव सूद का कार्यकाल पूरा होने के बाद 25 जुलाई को विश्वविद्यालय का अतिरिक्त कार्यभार आईएएस अधिकारी मनजीत सिंह बराड़ को सौंपा गया था। यह विश्वविद्यालय पिछले कुछ समय से विभिन्न विवादों के चलते चर्चा में रहा है। हाल ही में यहां सामने आए अंतरराज्यीय नकल मामले को लेकर भी विवाद हुआ था। बाबा फरीद यूनिवर्सिटी के वाइस चांसलर पद के लिए कुल 70 उम्मीदवारों ने आवेदन किया था। मुख्य सचिव की अध्यक्षता वाली स्क्रीनिंग कमेटी ने उम्मीदवारों के साक्षात्कार के बाद तीन नामों का पैनल तैयार कर मुख्यमंत्री कार्यालय को भेजा था। इसके बाद यह पैनल राज्यपाल के पास भेज दिया गया। इसी तरह आई.के. गुजराल पंजाब टेक्निकल यूनिवर्सिटी, जालंधर के वाइस चांसलर पद के लिए 10 उम्मीदवारों ने दावेदारी पेश की थी। इनमें से तीन उम्मीदवारों के नाम अंतिम पैनल के लिए चुने गए हैं। फिलहाल विश्वविद्यालय के वाइस चांसलर पद का कार्यभार डीन (अकादमिक) डॉ. यादविंदर सिंह बराड़ संभाल रहे हैं। मुख्यमंत्री भगवंत मान और राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया के बीच हुई मुलाकात को भी इन विश्वविद्यालयों में नए वाइस चांसलरों की नियुक्ति की प्रक्रिया से जोड़कर देखा जा रहा है। दोनों विश्वविद्यालयों के लिए पैनल भेजे जाने के बाद अब नियुक्तियों पर राज्यपाल की मंजूरी का इंतजार है। बाबा फरीद यूनिवर्सिटी से जुड़े विवादों को देखते हुए पंजाब सरकार किसी योग्य और बेदाग व्यक्ति को वाइस चांसलर के पद पर नियुक्त करना चाहती है, ताकि नियुक्ति को लेकर किसी तरह का सवाल न उठे। सरकार की ओर से विश्वविद्यालय के नेतृत्व को लेकर प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जा चुका है। इसके अलावा पंजाब सरकार ने पंजाब कृषि विश्वविद्यालय, लुधियाना के नए वाइस चांसलर की नियुक्ति की तैयारी भी शुरू कर दी है। डॉ. सतबीर सिंह गोसल 18 अगस्त को पंजाब कृषि विश्वविद्यालय के वाइस चांसलर पद से सेवानिवृत्त हो चुके हैं। ऐसे में इस विश्वविद्यालय में भी नए कुलपति की नियुक्ति की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है।
Leave a Reply