लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी में अफवाहों के बाद भड़की हिंसा, पुलिस ने दर्ज की FIR, 2000 जवान तैनात

लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी में अफवाहों के बाद भड़की हिंसा, पुलिस ने दर्ज की FIR, 2000 जवान तैनात

पंजाब के फगवाड़ा स्थित लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) में यौन उत्पीड़न के दावों और अफवाहों को लेकर उपजे भारी तनाव के बाद अब जालंधर-फगवाड़ा हाईवे पर यातायात पूरी तरह बहाल कर दिया गया है। प्रदर्शनकारियों के शांत होने और हाईवे से हटने के बाद वाहनों की आवाजाही सुचारू रूप से शुरू हो गई। मामले की गंभीरता और छात्रों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यूनिवर्सिटी प्रशासन ने सोमवार (28 सितंबर 2026) से अगले 10 दिनों के लिए नियमित कक्षाओं को निलंबित करने का निर्णय लिया है। हॉस्टल में अफवाहों के बाद बढ़ा विवाद शनिवार देर रात जीएच3 (GH3) हॉस्टल में एक छात्रा के साथ बाहरी कर्मचारी द्वारा यौन उत्पीड़न के आरोपों की खबरें फैलने के बाद यूनिवर्सिटी परिसर में हिंसक प्रदर्शन शुरू हो गए। प्रदर्शनकारियों ने परिसर को घेर लिया, बैरिकेड्स और कुर्सियां फेंकी तथा तोड़फोड़ की। रविवार रात को स्थिति उस समय और बिगड़ गई जब कैंपस में फिर से आगजनी की घटनाएं हुईं और प्रदर्शनकारियों ने पुलिस के एक वाहन को आग के हवाले कर दिया। छात्रों का आरोप था कि हाईवे खाली करने से मना करने पर पुलिस ने लाठीचार्ज किया, जबकि पुलिस ने लाठीचार्ज के दावों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि उपद्रवियों ने पुलिस पर पथराव किया था। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने परिसर में लगे मिग-23 लड़ाकू विमान और एक सैन्य टैंक पर भी चढ़कर नारेबाजी की। पुलिस की कार्रवाई और SIT का गठन कपूरथला पुलिस ने रविवार को हॉस्टल के छात्रों की शिकायत के आधार पर सतनामपुरा पुलिस थाने में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 64 (बलात्कार) के तहत अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ FIR दर्ज कर ली है। निष्पक्ष जांच के लिए पुलिस प्रशासन ने एक विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया है। इस SIT में SP (जांच) विनीत अहलावत, SP फगवाड़ा मेजर सिंह, CIA स्टाफ इंचार्ज बलविंदर सिंह और इंस्पेक्टर अमनप्रीत कौर को शामिल किया गया है। साथ ही, पारदर्शिता बनाए रखने के लिए LPU के चार छात्र प्रतिनिधियों (दो महिला और दो पुरुष छात्र) को भी जांच टीम में शामिल किया गया है। जालंधर रेंज के DIG नवीन सिंगला ने बताया कि जिस कमरा नंबर 504 में घटना होने का दावा किया जा रहा था, उसमें रह रही छात्राओं ने स्पष्ट किया है कि वे पिछले दो महीनों से वहां रह रही हैं और ऐसा कुछ भी नहीं हुआ है। पुलिस आसपास के CCTV फुटेज खंगाल रही है। DIG ने यह भी बताया कि 15 दिन पहले तेलंगाना की एक छात्रा द्वारा की गई खुदकुशी के मामले की भी गहनता से जांच जारी है। प्रशासन और पुलिस का बयान LPU की रजिस्ट्रार मोनिका गुलाटी ने सभी आरोपों को पूरी तरह बेबुनियाद और मनगढ़ंत अफवाह बताया है। उन्होंने कहा कि कुछ असामाजिक तत्व सोशल मीडिया के जरिए झूठी खबरें फैलाकर संस्थान की छवि खराब करने और शांतिपूर्ण शैक्षणिक माहौल को बिगाड़ने की साजिश रच रहे हैं। प्रशासन ने कमरा नंबर 504 की छात्राओं का एक वीडियो भी जारी किया, जिसमें उन्होंने अपील की है कि उनके कमरे में बार-बार आकर परेशान न किया जाए। ADGP फयाज फारूकी के अनुसार, कैंपस में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए 2,000 से अधिक पुलिस जवान तैनात किए गए हैं। जालंधर के पुलिस कमिश्नर सतिंदर सिंह और कपूरथला के SSP गौरव तूरा ने स्पष्ट किया कि सभी हॉस्टलों की जांच कर ली गई है और स्थिति नियंत्रण में है। बाहरी उपद्रवियों द्वारा माहौल बिगाड़ने की आशंका को देखते हुए उनके खिलाफ अलग से मामला दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।