लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी में प्रदर्शन के दौरान बाहरी तत्वों की घुसपैठ गंभीर चिंता का विषय: सुनील जाखड़
- पंजाब
- (Asia/Kolkata)
भारतीय जनता पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) में घटी हालिया घटनाओं पर गहरा संज्ञान लेते हुए इसके पीछे छिपे संदिग्ध तत्वों की पहचान के लिए राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) से जांच करवाए जाने की मांग की है। जाखड़ ने सवाल उठाया कि यूनिवर्सिटी के छात्रों के शांतिपूर्ण प्रदर्शन के दौरान बाहरी हथियारबंद तत्वों की मौजूदगी के बाद अचानक स्थिति कैसे हिंसक हो गई, यह गहन जांच का विषय है। बाहरी और आंतरिक ताकतों की पहचान जरूरी सुनील जाखड़ ने कहा कि युवाओं की भावनाओं की आड़ में कहीं यह किसी राजनीतिक रंजिश या पड़ोसी देश (ISI) और अमेरिका में बैठे अलगाववादियों के गुर्गों द्वारा पंजाब में अशांति फैलाने की कोशिश तो नहीं? उन्होंने स्पष्ट किया कि यह एक बेहद संवेदनशील और गंभीर मुद्दा है। इसलिए छात्रों की भावनाओं का सम्मान करते हुए और उनके भविष्य व हितों को सुरक्षित रखते हुए, इस पूरे घटनाक्रम और इससे पहले घटी घटनाओं की जांच NIA से करवाई जानी चाहिए। 'आप' सरकार और राजनीतिक मंसूबों पर साधा निशाना आम आदमी पार्टी पर हमला बोलते हुए जाखड़ ने आरोप लगाया कि पार्टी की गलत नीतियों से तंग आकर जब कोई नेता पार्टी छोड़ता है तो उसके खिलाफ बदले की कार्रवाई शुरू कर दी जाती है। उन्होंने कहा कि पंजाब एक सीमावर्ती राज्य है, इसलिए इस बात की पारदर्शी जांच होनी चाहिए कि घटना के पीछे बाहरी असामाजिक तत्व हैं या फिर अपने राजनीतिक फायदे के लिए पंजाब का ही कोई दल इसमें शामिल है। पूर्व प्रदेश अध्यक्ष ने यह भी सवाल उठाया कि कहीं केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के जालंधर दौरे से ठीक पहले राजनीतिक रूप से भयभीत लोगों ने माहौल बिगाड़ने के लिए छात्रों को मोहरा तो नहीं बनाया? उन्होंने जोर देकर कहा कि ऐसी साजिशों को उजागर करने के लिए जांच बेहद जरूरी है ताकि बच्चों का इस्तेमाल करने वाली ताकतों को बेनकाब किया जा सके।
Leave a Reply