अमेरिकी परिवहन सचिव ने भारतीय-अमेरिकी कारोबारी दर्शन सिंह धालीवाल से की मुलाकात, पंजाबी ट्रक ड्राइवरों के मुद्दों पर हुई चर्चा

अमेरिकी परिवहन सचिव ने भारतीय-अमेरिकी कारोबारी दर्शन सिंह धालीवाल से की मुलाकात, पंजाबी ट्रक ड्राइवरों के मुद्दों पर हुई चर्चा

अमेरिका के परिवहन सचिव सीन डफी ने हाल ही में मिलवॉकी के पास मेक्वोन (Mequon) स्थित प्रसिद्ध पंजाबी-अमेरिकी व्यवसायी दर्शन सिंह धालीवाल के निवास स्थान पर उनसे विशेष मुलाकात की। इस अवसर पर दर्शन सिंह धालीवाल और उनके छोटे भाई चरनजीत सिंह धालीवाल (अध्यक्ष, पंजाब साइकिलिंग एसोसिएशन) ने अमेरिकी परिवहन सचिव का गर्मजोशी से स्वागत किया। इस उच्च स्तरीय बैठक के दौरान अमेरिका में काम कर रहे पंजाबी ट्रक ड्राइवरों, ट्रांसपोर्ट ऑपरेटरों और परिवहन व्यवसाय से जुड़े लोगों को आ रही समस्याओं पर विस्तार से चर्चा हुई। बातचीत के दौरान धालीवाल बंधुओं ने अमेरिकी परिवहन क्षेत्र में पंजाबी समुदाय के अमूल्य योगदान को रेखांकित किया। उन्होंने परिवहन क्षेत्र से जुड़े सख्त नियमों, दैनिक परिचालन संबंधी समस्याओं और व्यवसाय संचालन में आ रही व्यावहारिक चुनौतियों की ओर परिवहन सचिव का ध्यान आकर्षित कराया। इस वार्ता का मुख्य उद्देश्य पंजाबी समुदाय और अमेरिकी प्रशासन के बीच सीधे संवाद को मजबूत करना था, ताकि भारतीय-अमेरिकी ट्रक चालकों की समस्याओं का समाधान संघीय (फेडरल) स्तर पर किया जा सके। धालीवाल बंधुओं ने जोर देकर कहा कि अमेरिका में बड़ी संख्या में पंजाबी परिवारों की आजीविका प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से ट्रकिंग और ट्रांसपोर्ट उद्योग पर निर्भर है। पंजाबी चालकों ने अपनी कड़ी मेहनत के बल पर अमेरिकी अर्थव्यवस्था को मजबूती प्रदान की है। इसलिए, सरकार को अपनी परिवहन नीतियां बनाते समय ट्रांसपोर्टरों की जरूरतों और उनकी चिंताओं का विशेष ध्यान रखना चाहिए। यह मुलाकात पंजाब के लिए भी काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है, क्योंकि राज्य के अनगिनत परिवारों के सदस्य अमेरिका के ट्रकिंग उद्योग में कार्यरत हैं। इस बैठक के माध्यम से जमीनी स्तर की समस्याओं को सीधे अमेरिकी सरकार के उच्च पदस्थ अधिकारी के समक्ष रखने का अवसर मिला। उल्लेखनीय है कि धालीवाल परिवार ने अमेरिका में सैकड़ों गैस स्टेशनों सहित बड़े कारोबारी साम्राज्य की स्थापना की है और यह परिवार अपने सामाजिक कार्यों के लिए भी जाना जाता है। इनके एक अन्य भाई सुरजीत सिंह रखड़ा पंजाब के पूर्व कैबिनेट मंत्री रह चुके हैं और वर्तमान में समाना विधानसभा क्षेत्र से आम आदमी पार्टी (AAP) के इंचार्ज के रूप में सक्रिय हैं।