चंडीगढ़ में पुलिस नाके पर महिला कांस्टेबल को तेज रफ्तार कार ने मारी टक्कर, चालक फरार
- पंजाब
- (Asia/Kolkata)
चंडीगढ़ में पुलिस नाके पर ड्यूटी के दौरान एक तेज रफ्तार कार ने महिला कांस्टेबल को टक्कर मार दी। हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। घायल महिला कांस्टेबल को तुरंत सेक्टर-16 स्थित सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई। घायल कांस्टेबल की पहचान मोनिका के रूप में हुई है, जो चंडीगढ़ ट्रैफिक पुलिस में तैनात हैं। जानकारी के अनुसार, हादसे में कांस्टेबल मोनिका के हाथों और पीठ पर गंभीर चोटें आई हैं। पुलिस को दिए गए अपने बयान में उन्होंने बताया कि शनिवार रात 10 बजे से सुबह 3 बजे तक किसान भवन चौक के पास ट्रैफिक पुलिस की ओर से नाका लगाया गया था। नाका समाप्त होने के बाद पुलिसकर्मी बैरिकेड हटाने और सरकारी वाहन में सामान लोड करने में जुटे हुए थे। इसी दौरान ड्यूटी पूरी करने के बाद जब वह सड़क पार कर रही थीं, तभी एक तेज रफ्तार कार उनकी ओर आई। मोनिका के अनुसार, कार चालक ने न तो वाहन की गति कम की और न ही ब्रेक लगाने का प्रयास किया। तेज रफ्तार कार ने उन्हें टक्कर मार दी और चालक बिना रुके मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम को दी गई। सूचना मिलते ही सेक्टर-36 थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। जांच अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया, सड़क पर मौजूद साक्ष्यों की जांच की और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज अपने कब्जे में ली। इसके बाद पुलिस टीम अस्पताल पहुंची, जहां घायल महिला कांस्टेबल का बयान दर्ज किया गया। प्रारंभिक जांच और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस को पता चला कि दुर्घटना में शामिल कार पर पंजाब का पंजीकरण नंबर था और वाहन लुधियाना में रजिस्टर्ड है। पुलिस ने चालक की पहचान कर ली है और उसे पूछताछ के लिए बुलाया गया है। अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ के बाद मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Leave a Reply