सिद्धू मूसेवाला के गाने ‘फैंटम’ की रिलीज पर विवाद, माता-पिता ने सागा म्यूजिक को दी कानूनी कार्रवाई की चेतावनी

सिद्धू मूसेवाला के गाने ‘फैंटम’ की रिलीज पर विवाद, माता-पिता ने सागा म्यूजिक को दी कानूनी कार्रवाई की चेतावनी

दिवंगत पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला के गाने ‘फैंटम’ (Phantom) को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। उनके माता-पिता बलकौर सिंह और चरण कौर ने म्यूजिक कंपनी सागा म्यूजिक पर परिवार की सहमति और कानूनी मंजूरी के बिना गाना रिलीज करने का आरोप लगाया है। परिवार ने इस मामले में उचित कानूनी कार्रवाई शुरू करने की चेतावनी दी है। इस संबंध में जारी आधिकारिक बयान में बलकौर सिंह और चरण कौर ने कहा कि उन्होंने मामले का समाधान निकालने के लिए बातचीत करने और फिलहाल गाने की रिलीज रोकने का अनुरोध किया था। हालांकि, उनके मुताबिक सागा म्यूजिक ने इस अपील पर ध्यान नहीं दिया और गाना जारी कर दिया। परिवार ने यह भी दावा किया कि कंपनी के पास उनकी ओर से जारी किया गया कोई वैध दस्तावेज मौजूद नहीं है। बलकौर सिंह और चरण कौर ने अपने बयान में स्पष्ट किया कि ‘फैंटम’ को उनकी अनुमति या अधिकार के बिना रिलीज किया जा रहा है। उन्होंने कहा, “सिद्धू मूसेवाला का गाना ‘फैंटम’ हमारी अनुमति या अधिकार के बिना सागा म्यूजिक की ओर से रिलीज किया जा रहा है। हम सिद्धू मूसेवाला की विरासत और कानूनी अधिकारों की रक्षा के लिए उचित कानूनी कार्रवाई शुरू कर रहे हैं।” परिवार ने उन अन्य कलाकारों और म्यूजिक कंपनियों को भी संदेश दिया है, जो सिद्धू मूसेवाला के गानों से जुड़े दस्तावेज या अधिकार होने का दावा करते हैं। उन्होंने अपील की कि कोई भी सार्वजनिक घोषणा करने या गाना रिलीज करने से पहले सीधे परिवार से संपर्क कर सलाह-मशविरा किया जाए।