परविंदर सिंह झोटा हत्याकांड: सीबीआई ने दर्ज की एफआईआर, मानसा पहुंचकर परिवार से की पूछताछ
- पंजाब
- (Asia/Kolkata)
परविंदर सिंह झोटा हत्याकांड मामले में जांच प्रक्रिया ने तेजी पकड़ ली है। इस बहुचर्चित मामले की जांच के लिए केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) की टीम देर रात मानसा पहुंच गई। बुधवार सुबह सीबीआई के अधिकारी परविंदर सिंह झोटा के घर पहुंचे और परिवार के सदस्यों से मुलाकात कर पूरे मामले की विस्तृत जानकारी हासिल की। गौरतलब है कि परविंदर सिंह झोटा के परिवार और इंसाफ कमेटी द्वारा लगातार इस हत्याकांड की सीबीआई जांच की मांग की जा रही थी। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मंगलवार को अपने मानसा दौरे के दौरान परिवार को इस मामले की गहराई से जांच करवाने का पूरा भरोसा दिया था। इस आश्वासन के बाद सीबीआई टीम के मानसा पहुंचने से जांच के तेजी से आगे बढ़ने की उम्मीद बंध गई है। मिली जानकारी के अनुसार, सीबीआई के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि इस मामले में चंडीगढ़ में एफआईआर दर्ज की जा चुकी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए तीन सदस्यीय सीबीआई टीम मानसा पहुंची है। टीम ने पीड़ित परिवार से मिलकर पूछताछ की और हत्याकांड से जुड़े अहम तथ्यों की जानकारी जुटाई। अब इस जांच के दौरान हत्या से जुड़े कौन-कौन से नए पहलू सामने आते हैं और मुख्य आरोपी अश्विनी कुमार को रिमांड पर लेकर किस तरह पूछताछ की जाती है, इस पर सबकी नजरें टिकी हुई हैं। परिवार को न्याय दिलाने की दिशा में सीबीआई की इस कार्रवाई को बेहद अहम माना जा रहा है।
Leave a Reply