पंजाब की सियासत का सेमीफाइनल: 28 नवंबर को 52 नगर वार्डों में होगा पुनर्मतदान, पटियाला समेत कई दिग्गजों की साख दांव पर

पंजाब की सियासत का सेमीफाइनल: 28 नवंबर को 52 नगर वार्डों में होगा पुनर्मतदान, पटियाला समेत कई दिग्गजों की साख दांव पर

पंजाब में आगामी विधानसभा चुनावों से ठीक पहले होने जा रहे नगर निकाय पुनर्मतदान सभी प्रमुख राजनीतिक दलों के लिए किसी सेमीफाइनल से कम नहीं माने जा रहे हैं। राज्य के तीन शहरी निकायों—नगर निगम पटियाला, नगर परिषद बाघापुराणा और नगर परिषद धर्मकोट के कुल 52 वार्डों में 28 नवंबर को दोबारा मतदान होना है। इन चुनावों को लेकर आम आदमी पार्टी (आप), कांग्रेस, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और शिरोमणि अकाली दल ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। सियासी जानकारों का मानना है कि इन चुनावों के नतीजों से जहां सत्तारूढ़ 'आप' सरकार को अपने साढ़े चार साल के कार्यकाल का रिपोर्ट कार्ड जनता से मिलेगा, वहीं विपक्षी दलों के पास भी सरकार को घेरने का बड़ा अवसर होगा।विशेष रूप से नगर निगम पटियाला के कुल 60 में से 30 वार्डों में हो रहा यह चुनाव बेहद दिलचस्प बना हुआ है, क्योंकि यहां कई प्रमुख दलों के प्रदेश स्तर के नेताओं और पदाधिकारियों की राजनीतिक साख दांव पर लगी है। पूर्व में पटियाला के वार्ड नंबर 38 से पीआरटीसी पंजाब के चेयरमैन हरपाल जुनेजा ने जीत दर्ज की थी। इसके अलावा, सीनियर डिप्टी मेयर हरिंदर कोहली के वार्ड नंबर 28, डिप्टी मेयर जगदीप जग्गा के वार्ड और योजना बोर्ड के चेयरमैन तेजिंदर मेहता के वार्ड नंबर 34 में भी दोबारा वोटिंग कराई जा रही है। दूसरी ओर, भारतीय जनता पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं के वार्डों में भी मुकाबला कड़ा होने की उम्मीद है। इनमें भाजपा युवा मोर्चा के अध्यक्ष अनुज खोसला का वार्ड नंबर 40, शहरी अध्यक्ष विजय कुमार का वार्ड नंबर 50 और महासचिव वरुण जिंदल का वार्ड नंबर 46 सहित कई अन्य प्रमुख नेताओं के वार्ड शामिल हैं, जहां फिर से चुनाव होने जा रहा है।चुनावी मैदान में उतरी पार्टियां अपने-अपने दावों के साथ मतदाताओं के बीच जा रही हैं। एक तरफ आम आदमी पार्टी अपने साढ़े चार साल के कार्यकाल में ऐतिहासिक विकास कार्य करने का दावा कर रही है, तो दूसरी तरफ भाजपा केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और कार्यों के दम पर वोट मांग रही है। ऐसे में ये निकाय चुनाव सभी राजनीतिक दलों को उनके कामकाज का आईना दिखाने का काम करेंगे। गौरतलब है कि 28 नवंबर को नगर निगम पटियाला के 30 वार्डों, नगर परिषद बाघापुराणा के 15 वार्डों और नगर परिषद धर्मकोट के 7 वार्डों के लिए मतदान संपन्न होगा।