पंजाब के तरनतारन में दोहरा हत्याकांड: दो युवकों की गोली मारकर हत्या, चोहला साहिब के पास मिलीं लाशें
- पंजाब
- (Asia/Kolkata)
पंजाब के जिला तरनतारन के अंतर्गत आते चोहला साहिब इलाके के पास बुधवार सुबह दो युवकों की गोली मारकर हत्या किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। अज्ञात हमलावरों ने दोनों युवकों पर लगभग चार से पांच गोलियां चलाईं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। बुधवार की सुबह चोहला साहिब के पास सड़क किनारे दोनों के शव पड़े मिलने से क्षेत्र में सनसनी और दहशत का माहौल फैल गया। मृतकों की पहचान गुरजिंदर सिंह उर्फ बिल्ला (26), निवासी गांव खारा और पलविंदर सिंह उर्फ पिंदी (23), निवासी गांव पक्खोपुर के रूप में हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, दोनों मृतक युवक अविवाहित थे और उनकी आयु लगभग 27 से 30 वर्ष के बीच बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार, प्राथमिक जांच में यह बात सामने आई है कि दोनों युवकों की हत्या किसी अन्य स्थान पर की गई थी और वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी शवों को चोहला साहिब के पास सड़क किनारे फेंककर मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम व आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए भेज दिया है। पुलिस द्वारा हत्या के कारणों, पुरानी रंजिश और वारदात को अंजाम देने वाले अज्ञात आरोपियों की पहचान के लिए गहनता से जांच की जा रही है।
Leave a Reply