बैंक हड़ताल पर अंतिम समय में फैसला: सभी शनिवार की छुट्टी और PLI मुद्दों पर समिति गठित करने का निर्णय

बैंक हड़ताल पर अंतिम समय में फैसला: सभी शनिवार की छुट्टी और PLI मुद्दों पर समिति गठित करने का निर्णय

देशभर के लाखों बैंक ग्राहकों के लिए बड़ी राहत की खबर सामने आई है। 'युनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियन्स' (UFBU) ने सोमवार, 28 सितंबर से शुरू होने वाली अपनी तीन दिवसीय देशव्यापी हड़ताल को स्थगित करने का फैसला किया है। यह निर्णय रविवार देर रात 'इंडियन बैंक्स एसोसिएशन' (IBA) और बैंक यूनियनों के बीच हुई मैराथन बैठक के बाद लिया गया। बैंक यूनियन द्वारा जारी आधिकारिक बयान के अनुसार, रविवार देर रात IBA और UFBU के प्रतिनिधियों के बीच गहन बातचीत हुई। वार्ता के दौरान दोनों पक्ष हड़ताल को टालने और विवादित मुद्दों को बातचीत के जरिए सुलझाने पर सहमत हो गए। सभी शनिवार को छुट्टी के मुद्दे पर बनेगी संयुक्त समिति बैठक में तय किया गया है कि बैंकों में सभी शनिवार को छुट्टी घोषित करने की मांग पर विचार करने के लिए IBA और UFBU की एक उच्चस्तरीय संयुक्त समिति का तत्काल गठन किया जाएगा। यह समिति हर पहलू और विकल्प का अध्ययन करेगी तथा सभी हितधारकों के साथ चर्चा करके ऐसा समाधान निकालेगी, जो बैंक कर्मचारियों के साथ-साथ ग्राहकों के हित में भी हो। PLI योजना और लंबित मांगों पर भी होगी बातचीत इसके अतिरिक्त, 'स्केल IV' (Scale IV) और इससे ऊपर के वरिष्ठ अधिकारियों के लिए परफॉर्मेंस लिंक्ड इंसेंटिव (PLI) योजना में संशोधन को लेकर IBA के साथ बातचीत शुरू की जाएगी। इस बातचीत का उद्देश्य अधिकारियों की चिंताओं को सरकार के समक्ष प्रभावी ढंग से रखना है। साथ ही, 8 मार्च 2024 की बैठक के मिनट्स में दर्ज अन्य लंबित मुद्दों का जल्द निपटारा करने पर सहमति बनी है। तैयारियों के तहत रविवार को भी खुले रहे थे बैंक उल्लेखनीय है कि 28 सितंबर से 30 सितंबर तक प्रस्तावित हड़ताल के मद्देनजर आम जनता को असुविधा से बचाने के लिए भारतीय स्टेट बैंक (SBI), बैंक ऑफ बड़ौदा (BoB), पंजाब नेशनल बैंक (PNB) सहित कई सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों (PSBs) और क्षेत्रीय ग्रामीण बैंकों (RRBs) की शाखाएं रविवार को भी खुली रखी गई थीं। रविवार को बैंक खोलने का यह निर्देश वित्त मंत्रालय, सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों, RRBs, IBA और नाबार्ड (NABARD) के अधिकारियों के बीच 21 सितंबर को हुई उच्चस्तरीय बैठक के बाद जारी किया गया था। इसके चलते ग्राहकों को हड़ताल से ठीक पहले अपने आवश्यक बैंकिंग कार्य पूरे करने का अवसर मिल सका था। अब हड़ताल स्थगित होने से देशभर में बैंकिंग सेवाएं सुचारू रूप से जारी रहेंगी।