मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग: सीजेपी के समर्थन में सड़कों पर उतरी AAP, पुलिस ने दर्जनों नेताओं को लिया हिरासत में
- पंजाब
- (Asia/Kolkata)
सिटिजन्स फॉर जस्टिस एंड पीस (CJP) के समर्थन में उतरी आम आदमी पार्टी (AAP) ने भारत के मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर चंडीगढ़ में व्यापक विरोध प्रदर्शन किया। पार्टी कार्यकर्ताओं और शीर्ष नेताओं ने सेक्टर-17 स्थित पंजाब के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (CEO) कार्यालय के बाहर एकत्र होकर केंद्र सरकार और चुनाव आयोग के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की। इस दौरान स्थिति को नियंत्रित करने के लिए चंडीगढ़ पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री व आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता मनीष सिसोदिया तथा पंजाब के कैबिनेट मंत्री हरपाल सिंह चीमा समेत कई प्रमुख नेताओं को हिरासत में ले लिया। पुलिस सभी हिरासत में लिए गए नेताओं को सेक्टर-17 पुलिस स्टेशन ले गई। प्रदर्शन के दौरान आप नेताओं ने भारतीय निर्वाचन आयोग द्वारा देश भर में चलाई जा रही मतदाता सूची की विशेष पुनरीक्षण प्रक्रिया (SIR) पर गंभीर सवाल उठाए। आम आदमी पार्टी के नेताओं का आरोप है कि केंद्र सरकार के इशारे पर मतदाता सूची से छेड़छाड़ की कोशिश की जा रही है। वरिष्ठ नेता मनीष सिसोदिया और कैबिनेट मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि विशेष पुनरीक्षण के नाम पर देश भर में 13 करोड़ से अधिक मतदाताओं के नाम सूची से हटा दिए गए हैं, जो लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन है। उन्होंने चेतावनी दी कि मतदाताओं के अधिकारों के साथ इस तरह की धोखाधड़ी को किसी भी कीमत पर सहन नहीं किया जाएगा और पार्टी इस मुद्दे पर अपनी आवाज मजबूती से उठाती रहेगी।
Leave a Reply