दक्षिण अफ्रीका में दो अलग-अलग गोलीबारी की घटनाओं से मचा हड़कंप, 27 लोगों की मौत और 20 से अधिक घायल

दक्षिण अफ्रीका में दो अलग-अलग गोलीबारी की घटनाओं से मचा हड़कंप, 27 लोगों की मौत और 20 से अधिक घायल

दक्षिण अफ्रीका में सप्ताहांत के दौरान गोलीबारी की दो अलग-अलग घटनाओं में कम से कम 27 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 20 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, बंदूकधारियों ने मनोरंजन स्थलों और शराबखानों (टैवर्न) को निशाना बनाकर अंधाधुंध गोलियां बरसाईं। लवांडले में पार्टी कर रहे लोगों पर हमला, 10 की मौत 'द सिटीजन' की रिपोर्ट के मुताबिक, पहली घटना लवांडले (Lwandle) स्थित एक मनोरंजन स्थल पर रविवार तड़के स्थानीय समयानुसार सुबह 2 बजे से ठीक पहले घटी। हथियारबंद बदमाशों ने वहां पार्टी कर रहे लोगों पर अचानक गोलियां चलानी शुरू कर दीं। दक्षिण अफ्रीकी पुलिस सेवा (SAPS) ने बताया कि पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच अन्य ने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया। इस हमले में घायल 11 लोगों को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। लवांडले पुलिस ने अज्ञात संदिग्धों के खिलाफ हत्या और हत्या के प्रयास के तहत मामले दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वेडेला के टैवर्न पर AK-47 से अंधाधुंध फायरिंग: 17 की जान गई एक अन्य भयानक घटना शनिवार रात लगभग 9:30 बजे (स्थानीय समयानुसार) गौतेंग प्रांत में कार्लटनविले के पास वेडेला (Wedela) क्षेत्र में घटी। यहां एक टैवर्न (शराबखाने) में मौजूद ग्राहकों पर हमलावरों ने अंधाधुंध गोलीबारी कर दी। इस हमले में 13 पुरुषों और 4 महिलाओं समेत कुल 17 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 15 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। गौतेंग पुलिस के प्रवक्ता कैप्टन टिंटस्वालो सिबेको ने बताया कि हमलावर AK-47 और हैंडगन जैसे अत्याधुनिक हथियारों से लैस थे। आरोपी सबसे पहले टैवर्न के बाहर शराब पी रहे लोगों पर गोलियां चलाते हुए अंदर दाखिल हुए और फिर अंदर मौजूद लोगों पर लगातार फायरिंग करते रहे। लूटपाट के बाद वाहनों को लगाई आग, 8 संदिग्धों की तलाश जारी पुलिस के अनुसार, गोलियां चलाने के बाद हमलावरों ने पीड़ितों के मोबाइल फोन और अन्य कीमती सामान लूट लिए। इसके बाद आरोपी दो गाड़ियों में सवार होकर मौके से फरार हो गए और जाते-जाते टैवर्न के बाहर खड़ी दो गाड़ियों में आग लगा दी। आपातकालीन सेवा कर्मियों ने पुष्टि की है कि 17 लोगों की घटना स्थल पर ही मौत हो गई थी, जबकि घायलों को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस हमले के पीछे के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है। गौतेंग पुलिस ने कम से कम 8 वांछित संदिग्धों की तलाश और गिरफ्तारी के लिए जासूसों व विशेष इकाइयों की एक संयुक्त टीम तैनात की है।