मौसम अपडेट: पंजाब और ट्राईसिटी में बदला मौसम का मिजाज, कई जिलों में बारिश के आसार
- पंजाब
- (Asia/Kolkata)
पंजाब और ट्राईसिटी (चंडीगढ़, पंचकूला, मोहाली) के क्षेत्रों में शनिवार को मौसम का मिजाज एक बार फिर बदलने वाला है। मौसम विभाग (IMD) से मिली जानकारी के अनुसार, राज्य और ट्राईसिटी के कई हिस्सों में सुबह से ही बादल छाए हुए हैं। विभाग के अनुमान मुताबिक आज पठानकोट, होशियारपुर, रूपनगर और गुरदासपुर जिलों में बारिश होने की संभावना जताई गई है। मौसम में आए इस बदलाव के कारण राज्य के औसत अधिकतम तापमान में 0.2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। चंडीगढ़ और आसपास के इलाकों में आज दिनभर बादल छाए रहने के आसार हैं। मौसम विभाग के अनुसार, रविवार से उत्तरी पंजाब में बारिश का नया दौर शुरू हो सकता है। इसके बाद सोमवार और मंगलवार को चंडीगढ़ में तेज से भारी बारिश होने की संभावना व्यक्त की गई है। उल्लेखनीय है कि चंडीगढ़ में फिलहाल मानसून की गति कुछ धीमी पड़ी हुई थी, जिसके चलते पिछले कुछ दिनों से मौसम काफी हद तक शुष्क बना हुआ था। शहर में न्यूनतम तापमान लगभग 23 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 32 से 33 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, उत्तरी हरियाणा और इसके आसपास के क्षेत्रों में हवा के ऊपरी हिस्से में एक चक्रवातीय परिसंचरण (Cyclonic Circulation) सक्रिय है। इसके प्रभाव से बादल छाने और कुछ स्थानों पर वर्षा होने के आसार बन रहे हैं। इसके साथ ही उत्तरी पाकिस्तान और जम्मू के ऊपर एक पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) भी सक्रिय है। मानसून ट्रफ, चक्रवातीय प्रणाली और पश्चिमी विक्षोभ के संयुक्त प्रभाव के चलते आने वाले दिनों में पंजाब और चंडीगढ़ के मौसम में और भी बदलाव देखने को मिल सकते हैं।
Leave a Reply