चंडीगढ़ एयरपोर्ट पर हड़कंप, फ्लाइट में धुआं फैलने के बाद इमरजेंसी घोषित

चंडीगढ़ एयरपोर्ट पर हड़कंप, फ्लाइट में धुआं फैलने के बाद इमरजेंसी घोषित

शहीद भगत सिंह इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर मंगलवार दोपहर करीब 3:30 बजे उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब हैदराबाद-चंडीगढ़ फ्लाइट में एक यात्री के पावर बैंक वाले बैग में मामूली विस्फोट हो गया। इस घटना के बाद विमान के केबिन में धुआं फैल गया, जिसके चलते तुरंत इमरजेंसी प्रक्रिया लागू की गई। जानकारी के अनुसार, विमान में 198 यात्री और चालक दल के छह सदस्य सवार थे। स्थिति को देखते हुए सभी को इमरजेंसी स्लाइड के माध्यम से सुरक्षित बाहर निकाला गया। सीट नंबर 39C पर बैठे एक यात्री ने सबसे पहले चालक दल को आग लगने की सूचना दी। इसके बाद क्रू मेंबर ने अग्निशामक यंत्र का उपयोग कर स्थिति संभालने की कोशिश की, लेकिन जब तक वे विमान के बे-1 (Bay 1) तक पहुंचे, तब तक धुआं पूरे केबिन में फैल चुका था। इसके बाद चालक दल ने इमरजेंसी गेट खोलकर इमरजेंसी घोषित कर दी। यात्रियों को स्लाइड के जरिए बाहर निकाले जाने के दौरान एक महिला यात्री के टखने में चोट लग गई। इसके अलावा, घटना के दौरान पैदा हुए भय के कारण एक अन्य व्यक्ति भी घायल हुआ। सूचना मिलते ही एयर फोर्स का एक फायर टेंडर मौके पर पहुंचा, हालांकि तब तक धुआं समाप्त हो चुका था, इसलिए उसका उपयोग नहीं करना पड़ा। एयरपोर्ट के सीईओ अजे वर्मा ने बताया कि इस घटना को लेकर एयरलाइन से विस्तृत रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। सूत्रों के अनुसार, विस्फोट सीट नंबर 39A पर बैठे यात्री के बैग में हुआ था। अधिकारियों ने बताया कि IndiGo एयरलाइन के कर्मचारियों ने इमरजेंसी प्रोटोकॉल का पालन करते हुए सभी यात्रियों और चालक दल को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। घटना के बाद सावधानी के तौर पर उड़ान को कुछ समय के लिए रोका गया। करीब एक घंटे की देरी के बाद विमान को हैदराबाद के लिए रवाना कर दिया गया। फिलहाल एयरपोर्ट अधिकारी पूरे मामले की निगरानी कर रहे हैं।