पंचकूला में ताबड़तोड़ फायरिंग के बाद पुलिस एक्शन, दो बदमाश घायल हालत में गिरफ्तार

पंचकूला में ताबड़तोड़ फायरिंग के बाद पुलिस एक्शन, दो बदमाश घायल हालत में गिरफ्तार

पंचकूला में बुधवार देर रात नगर निगम वार्ड-1 की काउंसलर के देवर रतन लुबाना पर हुए जानलेवा हमले के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गोल्डी बराड़ और रोहित गोदारा गैंग से जुड़े बताए जा रहे दो शूटरों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। घटना के बाद पूरे ट्राईसिटी क्षेत्र में सनसनी फैल गई थी। जानकारी के अनुसार, रतन लुबाना बुधवार रात करीब 12 बजे सेक्टर-5 स्थित स्विस लाउंज से बाहर निकल रहे थे। इसी दौरान पल्सर मोटरसाइकिल पर सवार दो बदमाशों ने उन पर ताबड़तोड़ गोलियां चलानी शुरू कर दीं। हमलावरों ने करीब आठ राउंड फायरिंग की, जिनमें से एक गोली रतन लुबाना को लगी। फायरिंग के दौरान पिस्तौल दोबारा लोड करते समय दो कारतूस मौके पर ही गिर गए। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी यमुनानगर हाईवे की ओर फरार हो गए। घटना में एक स्थानीय व्यक्ति के घायल होने की भी सूचना है। प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार, घटना के समय डिटेक्टिव स्टाफ का एक जवान मौके पर मौजूद था। उसने तुरंत हमलावरों का पीछा किया और पुलिस को सूचना दी। इसके बाद डिटेक्टिव टीम, क्राइम ब्रांच-26 और एंटी नारकोटिक्स सेल सक्रिय हो गए तथा पंचकूला के मट्टावाला फ्लाईओवर के पास नाकाबंदी कर दी गई। नाकाबंदी के दौरान बदमाशों ने पुलिस टीम पर भी फायरिंग की। आरोप है कि उन्होंने बेला विस्टा चौक और नाडा साहिब क्षेत्र में पुलिस वाहन को निशाना बनाया। हालांकि, इस दौरान कोई पुलिसकर्मी घायल नहीं हुआ। इसके बाद पुलिस और आरोपियों के बीच मुठभेड़ हुई। जवाबी कार्रवाई में दोनों शूटरों के घुटनों में गोली लगी, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। घायल आरोपियों को पहले पंचकूला के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बाद में चंडीगढ़ स्थित पीजीआई रेफर कर दिया गया। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पंजाब के लुधियाना निवासी जसविंदर और होशियारपुर निवासी हरप्रीत के रूप में हुई है। दोनों पर गोल्डी बराड़ और रोहित गोदारा गैंग से जुड़े होने का आरोप है। बताया जा रहा है कि जसविंदर के खिलाफ पहले से हत्या के प्रयास के दो मामले दर्ज हैं। पुलिस का कहना है कि दोनों आरोपियों ने पूरी घटना के दौरान करीब 18 गोलियां चलाईं। उनके कब्जे से दो सेमी-ऑटोमेटिक पिस्तौल भी बरामद किए गए हैं। फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि हमले के पीछे पूरी साजिश क्या थी तथा इसमें और कौन-कौन लोग शामिल हो सकते हैं।