पंजाब-चंडीगढ़ में तेज हवाओं का असर, मौसम विभाग ने जारी किया ऑरेंज अलर्ट
- पंजाब
- (Asia/Kolkata)
पंजाब और चंडीगढ़ में एक बार फिर मौसम का मिजाज बदल गया है। रविवार सुबह से ही कई इलाकों में तेज हवाएं चल रही हैं। मौसम विज्ञान केंद्र ने 11 मई के लिए ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी करते हुए धूल भरी आंधी, गरज-चमक, बिजली गिरने और तेज हवाओं की चेतावनी दी है। विभाग के अनुसार राज्य के कुछ हिस्सों में बारिश होने की भी संभावना है। मौसम विभाग का कहना है कि प्रदेश में ऐसे मौसम हालात 14 मई तक बने रह सकते हैं। पिछले 24 घंटों के दौरान तापमान में 0.3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई है, हालांकि यह सामान्य औसत तापमान से 2.8 डिग्री कम बना हुआ है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार पठानकोट, अमृतसर, होशियारपुर, नवांशहर, कपूरथला, जालंधर, लुधियाना, फतेहगढ़ साहिब, रूपनगर, पटियाला, एसएएस नगर (मोहाली) और गुरदासपुर के कुछ क्षेत्रों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। इसके अलावा तरनतारन, फिरोजपुर, फाजिल्का, फरीदकोट, मुक्तसर, मोगा, बठिंडा, बरनाला, मानसा और संगरूर जिलों के कुछ इलाकों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इन क्षेत्रों में गरज-चमक और बिजली गिरने की भी आशंका जताई गई है। राज्य के दूर-दराज इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना भी व्यक्त की गई है। मौसम विभाग के अनुसार क्षेत्र में एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो गया है। इसके प्रभाव से पंजाब और आसपास के इलाकों में मौसम के पैटर्न में बदलाव शुरू हो गया है। विभाग ने अनुमान जताया है कि 11 मई की रात से लेकर 12 मई की सुबह तक कई क्षेत्रों में बारिश हो सकती है।
Leave a Reply