हिमाचल में दर्दनाक हादसा, खाई में गिरी पर्यटकों की कार; चार गंभीर घायल
- राष्ट्रीय
- (Asia/Kolkata)
हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में सोमवार तड़के हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में छह लोगों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतकों में गुजरात के एक ही परिवार के पांच पर्यटक और वाहन चालक शामिल हैं। हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है। जानकारी के अनुसार यह दुर्घटना चुवाड़ी उपमंडल के काकीड़ा के पास लहरू-डलहौजी मार्ग पर हुई। बताया जा रहा है कि तेज बारिश और घने अंधेरे के बीच पर्यटकों से भरी गाड़ी अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। मृतकों की पहचान ललित भाई फतनानी, उनकी पत्नी ममता, प्रियंक कन्हैया लाल, उनकी पत्नी काजल और पुत्र दिव्यांश के रूप में हुई है। इसके अलावा वाहन चालक जसवंत, जो मंडी जिले के जोगिंदरनगर का निवासी था, की भी हादसे में मौत हो गई। चंबा के पुलिस अधीक्षक विजय कुमार सकलानी ने बताया कि सभी पर्यटक डलहौजी से मनाली की ओर जा रहे थे। रात करीब तीन से चार बजे के बीच खराब मौसम के कारण चालक तंग मोड़ पर वाहन से संतुलन खो बैठा, जिसके चलते यह हादसा हुआ। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे तथा तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। हादसे में घायल चार लोगों को प्राथमिक उपचार देने के बाद टांडा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के वास्तविक कारणों की जांच शुरू कर दी है। इस दुखद घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
Leave a Reply