हथियार बरामदगी के दौरान पुलिस को चकमा देकर भागा आरोपी करण, SSP ने लिया कड़ा एक्शन
- पंजाब
- (Asia/Kolkata)
पंजाब के अमृतसर में पुलिस हिरासत से एक गंभीर मामले का आरोपी फरार होने की बड़ी घटना सामने आई है। पुलिस लाइन्स में तैनात एएसआई (ASI) जसवंत सिंह पर गोली चलाने के आरोप में गिरफ्तार आरोपी करण पुलिस टीम को चकमा देकर भागने में सफल रहा। फरार आरोपी की पहचान झंजोटी गांव के निवासी के रूप में हुई है। हथियार बरामदगी के दौरान वारदात जानकारी के अनुसार, थाना राजासांसी की पुलिस टीम आरोपी करण को उसकी निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल हथियार बरामद करने के लिए मजीठा इलाके में लेकर पहुंची थी। इसी दौरान आरोपी पुलिस चकमा देकर मौके से फरार हो गया। एसएसपी ने थाना प्रभारी को किया सस्पेंड घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी कंवलप्रीत सिंह चहल ने तुरंत कार्रवाई करते हुए राजासांसी थाना प्रभारी इंस्पेक्टर गुरप्रीत सिंह को सस्पेंड कर दिया है। हालांकि, इस पूरे मामले पर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी फिलहाल मीडिया के सामने कुछ भी कहने से बच रहे हैं। 11 सितंबर की रात को हुई थी फायरिंग उल्लेखनीय है कि 11 सितंबर की रात को अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस लाइन्स में तैनात एएसआई जसवंत सिंह राजासांसी इलाके में अपनी बाइक से जा रहे थे। उसी दौरान बाइक सवार दो अज्ञात युवकों ने उनका पीछा किया और उन पर गोली चला दी। गोली एएसआई की पगड़ी को चीरती हुई सिर को छूकर निकल गई थी, जिससे उनकी जान बच गई। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर हुई थी गिरफ्तारी घटना के बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगालकर आरोपी करण को गिरफ्तार किया था। कोर्ट में पेश कर पुलिस ने आरोपी का 5 दिन का रिमांड हासिल किया था। पुलिस उसके अन्य साथियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही थी, लेकिन अब मुख्य आरोपी के फरार होने से पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
Leave a Reply