जेड-प्लस सुरक्षा वापस लिए जाने के बाद राबड़ी देवी और लालू यादव ने लौटाई सरकारी सुरक्षा

जेड-प्लस सुरक्षा वापस लिए जाने के बाद राबड़ी देवी और लालू यादव ने लौटाई सरकारी सुरक्षा

राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) के प्रमुख लालू प्रसाद यादव और बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी ने अपनी सुरक्षा व्यवस्था में कटौती किए जाने के बाद बड़ा कदम उठाया है। दोनों नेताओं ने अपनी पूरी सरकारी सुरक्षा वापस कर दी है। शनिवार सुबह उनके आवास पर कोई भी सुरक्षाकर्मी तैनात नहीं देखा गया, जिसके बाद यह स्पष्ट हो गया कि अब दोनों नेता सरकारी सुरक्षा के बिना रहेंगे। शनिवार सुबह राबड़ी देवी के पटना स्थित 10 सर्कुलर रोड आवास पर न तो कोई पुलिसकर्मी मौजूद था और न ही कोई सुरक्षा गार्ड दिखाई दिया। इसके बाद राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया। माना जा रहा है कि सुरक्षा में कटौती के बाद लालू प्रसाद यादव और राबड़ी देवी ने अपनी संपूर्ण सरकारी सुरक्षा लौटाने का निर्णय लिया है। लालू प्रसाद यादव और राबड़ी देवी के इस फैसले ने बिहार की राजनीति में नई हलचल पैदा कर दी है। राजनीतिक विश्लेषक और विभिन्न दलों के नेता इस कदम को लेकर अपनी-अपनी प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। उल्लेखनीय है कि बिहार सरकार ने हाल ही में आरजेडी प्रमुख लालू प्रसाद यादव और पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी को प्रदान की गई जेड-प्लस सुरक्षा वापस ले ली थी। राज्य के गृह विभाग ने इस संबंध में 5 जून को आदेश जारी किया था। सरकार के अनुसार यह निर्णय 4 जून को आयोजित राज्य सुरक्षा समिति की बैठक में की गई सिफारिशों के आधार पर लिया गया। इसके अलावा गृह विभाग ने लालू प्रसाद यादव और राबड़ी देवी के बड़े पुत्र तेज प्रताप यादव को दी गई ‘वाई’ श्रेणी की सुरक्षा भी वापस ले ली है। अब उन्हें केवल एक सुरक्षा गार्ड उपलब्ध कराया जाएगा।