मलेशिया से बंबीहा गैंग के तीन सदस्य डिपोर्ट, पंजाब पुलिस ने IGI एयरपोर्ट पर किया गिरफ्तार
- पंजाब
- (Asia/Kolkata)
पंजाब पुलिस ने सीमा पार सक्रिय संगठित अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए मलेशिया से दविंदर बंबीहा गैंग से जुड़े तीन वांछित आरोपियों को भारत डिपोर्ट करवाया है। यह कार्रवाई पंजाब पुलिस की काउंटर इंटेलिजेंस विंग के OFTEC (ओवरसीज फ्यूजिटिव ट्रैकिंग एंड एक्स्ट्राडिशन सेल) ने केंद्रीय एजेंसियों की मदद से की। पुलिस के अनुसार, मलेशिया से डिपोर्ट किए गए तीनों आरोपी हत्या, जबरन वसूली, विस्फोटक सामग्री रखने तथा लुधियाना में हैंड ग्रेनेड विस्फोट की साजिश सहित कई मामलों में वांछित हैं। पुलिस ने इनके संबंध पाकिस्तान की ISI से भी बताए हैं। डिपोर्ट किए गए आरोपियों की पहचान जसप्रीत सिंह उर्फ जस् बहिबल, अजय सिंह और पवनदीप सिंह के रूप में हुई है। भारत पहुंचने के बाद तीनों को नई दिल्ली स्थित इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय (IGI) एयरपोर्ट पर गिरफ्तार कर लिया गया। इसके बाद उन्हें आगे की जांच और कानूनी कार्रवाई के लिए पंजाब लाया जा रहा है। पंजाब पुलिस के अनुसार, आरोपियों से पूछताछ के दौरान उनके आपराधिक नेटवर्क और विभिन्न मामलों में उनकी भूमिका को लेकर आगे की जानकारी सामने आ सकती है। पंजाब पुलिस ने कहा है कि वह अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सक्रिय संगठित अपराध नेटवर्क को खत्म करने के लिए प्रतिबद्ध है। पुलिस का कहना है कि विदेशों में छिपे भगोड़ों को भी तलाश कर कानून के दायरे में लाया जाएगा।
Leave a Reply