वेनेजुएला में भूकंप से भारी तबाही, हजारों लोग प्रभावित, बचाव कार्य तेज

वेनेजुएला में भूकंप से भारी तबाही, हजारों लोग प्रभावित, बचाव कार्य तेज

वेनेजुएला में आए दो शक्तिशाली भूकंपों के बाद मरने वालों की संख्या बढ़कर 1,450 हो गई है। यह जानकारी वेनेजुएला की राष्ट्रीय असेंबली के अध्यक्ष जॉर्ज रोड्रिग्ज़ ने राष्ट्रीय आपातकाल से जुड़े ताज़ा सरकारी अपडेट के दौरान दी। रोड्रिग्ज़ ने बताया कि 7.2 और 7.5 तीव्रता के दो बड़े भूकंपों के बाद देश में अब तक 430 हल्के से मध्यम तीव्रता के झटके दर्ज किए जा चुके हैं, जिससे प्रभावित क्षेत्रों में लोगों की चिंता और बढ़ गई है। समाचार एजेंसी की रिपोर्ट के अनुसार, इससे पहले शनिवार को सरकारी टेलीविजन पर दिए गए बयान में उन्होंने कहा था कि इस प्राकृतिक आपदा में 3,238 लोग घायल हुए हैं, जबकि 3,142 परिवार इससे प्रभावित हुए हैं। वेनेजुएला के अधिकारियों की ओर से बोलते हुए रोड्रिग्ज़ ने आपदा से प्रभावित हजारों लोगों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि खोज और बचाव दल अब भी दिन-रात राहत कार्यों में जुटे हुए हैं और प्रभावित इलाकों में लगातार अभियान चला रहे हैं। इस बीच, वेनेजुएला फाउंडेशन फॉर सीस्मोलॉजिकल रिसर्च (फनविसिस) ने शनिवार को बताया कि दक्षिण अमेरिकी देश के मध्य क्षेत्र में 4.1 तीव्रता का एक और भूकंप दर्ज किया गया। सप्ताह की शुरुआत में आए दो विनाशकारी भूकंपों के बाद इस नए झटके ने पहले से ही दहशत में जी रहे लोगों की चिंता और बढ़ा दी है। राज्य भूकंप एजेंसी के अनुसार, ताज़ा भूकंप का केंद्र ला गुआइरा से लगभग 35 किलोमीटर पश्चिम में स्थित था। मध्य तटीय क्षेत्र का यह प्रमुख बंदरगाह शहर बुधवार को आए दो शक्तिशाली भूकंपों में गंभीर रूप से प्रभावित हुआ था और इसे पहले ही आपदा प्रभावित क्षेत्र घोषित किया जा चुका है। एजेंसी ने बताया कि यह भूकंप केवल 5 किलोमीटर की कम गहराई पर आया, जिससे ज़मीन में अधिक कंपन महसूस हुआ और संरचनात्मक क्षति की आशंका भी बढ़ गई। काराकास और आसपास के क्षेत्रों के निवासियों ने भी भूकंप के झटके महसूस किए। कई लोग इमारतों के गिरने की आशंका के चलते अपने घरों और कार्यालयों से बाहर निकल आए। यह घटना उन विनाशकारी भूकंपों के कुछ ही दिनों बाद हुई है, जिनमें इमारतें ढह गई थीं, भूस्खलन हुआ था और बड़े पैमाने पर जान-माल का नुकसान हुआ था। अधिकारियों के अनुसार, राहत और बचाव कार्यों का समन्वय लगातार जारी है। बचाव दल तटीय और पर्वतीय क्षेत्रों में प्रभावित समुदायों तक पहुंचने और आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयास कर रहे हैं।