स्पीडबोट दुर्घटना के बाद रेस्क्यू अभियान जारी, सिंघानिया की हालत स्थिर
- राष्ट्रीय
- (Asia/Kolkata)
रेमंड ग्रुप के मैनेजिंग डायरेक्टर गौतम सिंघानिया मालदीव में स्पीडबोट पलटने की घटना में घायल हो गए। हादसे के बाद उन्हें तुरंत इलाज के लिए मुंबई एयरलिफ्ट किया गया, जहां फिलहाल उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है और वे डॉक्टरों की निगरानी में हैं। उनके प्रवक्ता के अनुसार, उन्हें मामूली चोटें आई हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार, इस हादसे के समय उनके साथ स्पीडबोट पर भारत के प्रसिद्ध रैली ड्राइवर हरि सिंह और एक अन्य मित्र भी सवार थे, जो अब तक लापता हैं। स्थानीय प्रशासन को आशंका है कि लंबे समय तक लापता रहने के कारण उनकी जान को खतरा हो सकता है। यह दुर्घटना गुरुवार रात करीब 11 बजे मालदीव के फेलिधू एटोल के पास हुई। बताया जा रहा है कि हादसा तट से लगभग 2 नॉटिकल मील की दूरी पर हुआ। स्पीडबोट में कुल सात लोग सवार थे, जिनमें एक कैप्टन और गौतम सिंघानिया सहित पांच भारतीय, एक ब्रिटिश और एक रूसी नागरिक शामिल थे। घटना के बाद से ही रेस्क्यू टीमें लापता भारतीयों की तलाश में जुटी हुई हैं और खोज अभियान लगातार जारी है।
Leave a Reply