ईडी रेड को लेकर अरविंद केजरीवाल का हमला, व्यापारियों के समर्थन में उतरे

ईडी रेड को लेकर अरविंद केजरीवाल का हमला, व्यापारियों के समर्थन में उतरे

पंजाब में मंगलवार सुबह प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) द्वारा कई स्थानों पर छापेमारी की कार्रवाई किए जाने की खबर सामने आई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, ईडी ने जालंधर के न्यू जवाहर नगर क्षेत्र में एक चार्टर्ड अकाउंटेंट (सीए) के आवास पर छापा मारा। इसके अलावा, लुधियाना में भी एक चार्टर्ड अकाउंटेंट के घर पर ईडी की टीमों द्वारा कार्रवाई किए जाने की सूचना है। सूत्रों के अनुसार, ईडी की टीमों ने जालंधर के दो राजनीतिक नेताओं के आवासों पर भी छापेमारी की है। हालांकि, इन कार्रवाइयों को लेकर अभी तक न तो ईडी और न ही पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी किया गया है। पूरी कार्रवाई को गोपनीय तरीके से अंजाम दिया जा रहा है। बताया जा रहा है कि छापेमारी के बाद संबंधित दस्तावेजों की जांच शुरू कर दी गई है। यह भी जानकारी सामने आई है कि पंजाब के कई अन्य स्थानों पर भी ईडी द्वारा कार्रवाई की गई है। हालांकि, इन छापों के पीछे क्या कारण हैं, इस संबंध में अभी तक कोई आधिकारिक जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है। इस बीच, आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता अरविंद केजरीवाल ने इस कार्रवाई को लेकर सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने आरोप लगाया कि ईडी एक बार फिर पंजाब में हिंदू व्यापारियों के खिलाफ छापेमारी कर रही है। केजरीवाल ने कहा कि ईडी राज्य के छोटे हिंदू व्यापारियों को परेशान कर रही है। अपने संदेश में उन्होंने व्यापारियों से घबराने की आवश्यकता न होने की बात कही। उन्होंने कहा कि पूरा पंजाब और पंजाब सरकार व्यापारियों के साथ खड़ी है तथा सभी मिलकर ईडी का सामना करेंगे।