परविंदर झोटा हत्याकांड: मानसा प्रशासन का बड़ा एक्शन, मुख्य आरोपी अश्विनी कुमार के घर पर चला बुलडोजर
- पंजाब
- (Asia/Kolkata)
नशा विरोधी नेता परविंदर सिंह झोटा के चर्चित हत्याकांड में प्रशासन ने बड़ा एक्शन लेते हुए बुलडोजर कार्रवाई शुरू कर दी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रशासन की तरफ से इस मामले के मुख्य आरोपी और मेडिकल स्टोर मालिक अश्विनी कुमार के घर पर बुलडोजर/जेसीबी चलाने की कार्रवाई आरंभ कर दी गई है। कानून-व्यवस्था बनाए रखने और स्थिति की संवेदनशीलता को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। इससे पहले, परविंदर सिंह झोटा की हत्या के मामले में मंगलवार देर रात पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी थी, जिसके तहत मुख्य आरोपी को राजस्थान से दबोच लिया गया था। हालांकि मानसा पुलिस की ओर से अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है, लेकिन परविंदर सिंह झोटा को गोलियां मारकर कत्ल करने वाले मेडिकल स्टोर के मालिक अश्विनी कुमार को मानसा पुलिस द्वारा हिरासत में ले लिया गया था। उल्लेखनीय है कि मंगलवार को मानसा में एक केमिस्ट की दुकान पर नशों को लेकर हुए तीखे विवाद के दौरान परविंदर सिंह झोटा की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस सनसनीखेज घटना के बाद से क्षेत्र में तनाव का माहौल है। दूसरी ओर, मानसा में मृत नेता को इंसाफ दिलाने के लिए प्रदर्शनकारियों द्वारा अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन लगातार जारी है। इस संघर्ष को सुचारू रूप से चलाने और प्रशासन के समक्ष अपनी मांगें मजबूती से रखने के लिए प्रदर्शनकारियों की ओर से एक विशेष समिति का भी गठन किया गया है, जो प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बातचीत कर रही है।
Leave a Reply