लुआना में सियासी हंगामा: सीएम भगवंत मान के काफ़िले का विरोध करने पर केंद्रीय मंत्री रवनीत बिट्टू हिरासत में

लुआना में सियासी हंगामा: सीएम भगवंत मान के काफ़िले का विरोध करने पर केंद्रीय मंत्री रवनीत बिट्टू हिरासत में

लुधियाना स्थित पंजाब कृषि विश्वविद्यालय (PAU) के बाहर उस समय भारी राजनीतिक हंगामा देखने को मिला, जब केंद्रीय राज्य मंत्री और भाजपा नेता रवनीत सिंह बिट्टू ने अपने समर्थकों के साथ मुख्यमंत्री भगवंत मान के काफ़िले का जोरदार विरोध किया। मुख्यमंत्री भगवंत मान PAU में आयोजित एक कार्यक्रम में शिरकत करने पहुंचे थे। इस प्रदर्शन के दौरान कुछ भाजपा कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री के काफ़िले की ओर अंडे और टमाटर फेंके, जिसके बाद पंजाब पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए रवनीत सिंह बिट्टू समेत कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया। इस घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए केंद्रीय मंत्री रवनीत बिट्टू ने कहा कि बीते दिनों बटाला में आम आदमी पार्टी (आप) के कार्यकर्ताओं ने उनकी गाड़ी पर टमाटर और अंडे फेंके थे, और वे आज वही 'हिसाब चुकता' (भाजी मोड़ना) करने आए हैं। गौरतलब है कि जब रवनीत बिट्टू भाजपा की 'नशा मुक्त पंजाब यात्रा' में शामिल होने के लिए पठानकोट जा रहे थे, तब बटाला के पास 'आप' कार्यकर्ताओं द्वारा उनके काफ़िले का विरोध किया गया था और वाहनों को नुकसान पहुंचाने के आरोप भी लगे थे। मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान हुए इस विरोध प्रदर्शन के समय भाजपा कार्यकर्ताओं ने पंजाब सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। मौके पर स्थिति तनावपूर्ण होती देख पुलिस प्रशासन ने तुरंत एक्शन लिया और रवनीत सिंह बिट्टू तथा अन्य प्रदर्शनकारी भाजपा नेताओं को हिरासत में लेकर स्थिति को नियंत्रित किया।