अब केवल वास्तविक NRI और उनके बच्चों को मिलेगा PU के NRI कोटे का लाभ

अब केवल वास्तविक NRI और उनके बच्चों को मिलेगा PU के NRI कोटे का लाभ

Panjab University ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए एनआरआई कोटे के प्रवेश नियमों में कई महत्वपूर्ण बदलाव किए हैं। यूनिवर्सिटी प्रशासन ने एनआरआई कोटे के दुरुपयोग को रोकने के उद्देश्य से नियमों को और अधिक सख्त बना दिया है। नए नियमों के तहत अब केवल वास्तविक एनआरआई उम्मीदवार या उनके माता-पिता ही इस कोटे के लिए पात्र होंगे। यूनिवर्सिटी ने चाचा, मामा, दादा-दादी और पहले चचेरे भाई-बहनों जैसे रिश्तेदारों को एनआरआई कोटे की पात्रता से बाहर कर दिया है। हालांकि, यूनिवर्सिटी प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि पहले की तरह 10 प्रतिशत अतिरिक्त सीटें एनआरआई और उनके बच्चों के लिए आरक्षित रहेंगी। इसके अलावा 25 प्रतिशत सीटें विदेशी नागरिकों के लिए सुरक्षित रखी गई हैं। विद्यार्थियों को अब एनआरआई दर्जे से संबंधित आवश्यक दस्तावेज जमा कराने होंगे। इनमें पासपोर्ट, वीजा और विदेश में निवास का प्रमाण शामिल होगा। पंजाब यूनिवर्सिटी में एनआरआई और अंतरराष्ट्रीय छात्रों के लिए अलग से हॉस्टल सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं। इसके तहत करीब 55 कमरे तैयार किए गए हैं। छात्रों को वाई-फाई इंटरनेट, मेस, डाइनिंग हॉल, कैंटीन, स्वच्छ पेयजल और कूलर जैसी सुविधाएं प्रदान की जा रही हैं। इसके अलावा बैडमिंटन और वॉलीबॉल सहित इंडोर खेल सुविधाएं भी उपलब्ध हैं।