अमृतसर से कोलकाता का सफर होगा आसान, इंडिगो फिर शुरू करेगी सीधी उड़ान

अमृतसर से कोलकाता का सफर होगा आसान, इंडिगो फिर शुरू करेगी सीधी उड़ान

पंजाब और पश्चिम बंगाल के बीच हवाई यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए राहत की खबर है। इंडिगो 1 अक्टूबर से श्री गुरु राम दास जी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे, अमृतसर से कोलकाता के लिए सीधी उड़ान शुरू करने जा रही है। यह सेवा सप्ताह में तीन दिन संचालित होगी। इसके साथ ही इंडिगो कोलकाता के रास्ते अमृतसर और गुवाहाटी के बीच भी हवाई संपर्क उपलब्ध कराएगी। ‘फ्लाई अमृतसर इनिशिएटिव’ के ग्लोबल कन्वीनर समीर सिंह गुमटाला तथा इनिशिएटिव के इंडिया कन्वीनर और ‘अमृतसर विकास मंच’ के महासचिव योगेश कामरा ने इंडिगो की ओर से इस रूट को फिर शुरू किए जाने का स्वागत किया है। उन्होंने कहा कि इस सेवा से पंजाब, पश्चिम बंगाल और पूर्वोत्तर भारत के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों को सुविधा मिलेगी। खास तौर पर पश्चिम बंगाल और असम में रहने वाले पंजाबी और सिख समुदाय, श्री दरबार साहिब में माथा टेकने आने वाली संगत, पर्यटकों, परिवारों, छात्रों और कारोबारियों को इसका लाभ मिलने की उम्मीद है। सप्ताह में तीन दिन चलेगी उड़ान मौजूदा समय-सारणी के अनुसार, कोलकाता-अमृतसर उड़ान 6E 201 मंगलवार, गुरुवार और शनिवार को संचालित होगी। यह उड़ान कोलकाता से सुबह 9:45 बजे रवाना होकर दोपहर 12:25 बजे अमृतसर पहुंचेगी। वापसी में अमृतसर-कोलकाता उड़ान 6E 6344 दोपहर 1:05 बजे अमृतसर से रवाना होगी और दोपहर 3:35 बजे कोलकाता पहुंचेगी। इस तरह दोनों शहरों के बीच सीधी हवाई यात्रा करीब ढाई घंटे की होगी। गुवाहाटी से भी मिलेगा अमृतसर का संपर्क उड़ान 6E 201 गुवाहाटी से सुबह 7:50 बजे रवाना होकर 9:05 बजे कोलकाता पहुंचेगी। इसके बाद यही उड़ान सुबह 9:45 बजे अमृतसर के लिए रवाना होगी। वापसी में उड़ान 6E 6344 अमृतसर से दोपहर 3:35 बजे कोलकाता पहुंचेगी और वहां से शाम 4:15 बजे गुवाहाटी के लिए रवाना होकर शाम 5:30 बजे पहुंचेगी। इस व्यवस्था से पंजाब और असम के यात्रियों को कोलकाता के रास्ते अमृतसर का हवाई संपर्क मिलेगा। यात्रियों को दिल्ली या किसी अन्य हवाई अड्डे पर विमान बदलने और लंबे समय तक इंतजार करने की जरूरत कम होगी। पर्यटन और कारोबार को भी मिलेगा लाभ दोनों प्रतिनिधियों ने कहा कि यह सेवा पश्चिम बंगाल और असम में रहने वाले पंजाबी और सिख समुदाय के अलावा श्री दरबार साहिब आने वाली संगत, पर्यटकों, परिवारों, छात्रों और कारोबारियों के लिए विशेष रूप से उपयोगी होगी। कोलकाता भारत के प्रमुख व्यापारिक और सांस्कृतिक केंद्रों में से एक है। नई उड़ानों से पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत से आने वाले पर्यटकों के लिए अमृतसर और पंजाब पहुंचना अधिक सुविधाजनक होगा। योगेश कामरा ने बताया कि इससे पहले अमृतसर-कोलकाता हवाई सेवा 1 दिसंबर 2019 को शुरू हुई थी। दोनों प्रतिनिधियों ने पंजाब, पश्चिम बंगाल और असम के यात्रियों से दोबारा शुरू हो रही इस सेवा का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि यात्रियों का लगातार समर्थन इस रूट को मजबूत करने और भविष्य में उड़ानों की संख्या बढ़ाने के लिए आधार तैयार कर सकता है।