संगठन और चुनावी रणनीति पर कांग्रेस की बड़ी बैठक, हाईकमान को सौंपी जाएगी रिपोर्ट

संगठन और चुनावी रणनीति पर कांग्रेस की बड़ी बैठक, हाईकमान को सौंपी जाएगी रिपोर्ट

पंजाब कांग्रेस के संगठनात्मक ढांचे और आगामी राजनीतिक रणनीति को लेकर मंगलवार से नई दिल्ली में तीन दिवसीय महत्वपूर्ण विचार-विमर्श सत्र शुरू हो रहा है। वर्ष 2027 के पंजाब विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए इस बैठक को पार्टी के लिए बेहद अहम माना जा रहा है। कांग्रेस हाईकमान द्वारा नियुक्त पर्यवेक्षक आज से पंजाब कांग्रेस के विभिन्न नेताओं के साथ अलग-अलग दौर की बैठकें करेंगे। पंजाब मामलों की समीक्षा के लिए कांग्रेस नेतृत्व ने अजय माकन, मीनाक्षी नटराजन और भजन लाल जाटव को पर्यवेक्षक नियुक्त किया है। ये तीनों नेता अगले तीन दिनों तक पंजाब कांग्रेस के विभिन्न पदाधिकारियों और वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात कर संगठन की मौजूदा स्थिति और भविष्य की रणनीति पर चर्चा करेंगे। बैठकों के पहले चरण में पंजाब से जुड़े कांग्रेस सांसदों के साथ चर्चा की जाएगी। इसके बाद वर्तमान और पूर्व विधायकों, जिला कांग्रेस अध्यक्षों तथा वरिष्ठ पार्टी नेताओं के साथ अलग-अलग बैठकें आयोजित होंगी। इन बैठकों के माध्यम से पार्टी नेतृत्व जमीनी स्तर की स्थिति और संगठनात्मक गतिविधियों का विस्तृत आकलन करेगा। सूत्रों के अनुसार, बैठक के दौरान संगठन की वर्तमान स्थिति, गुटबाजी, कार्यकर्ताओं की सक्रियता और वर्ष 2027 के विधानसभा चुनावों की तैयारियों को लेकर नेताओं से विस्तृत फीडबैक लिया जाएगा। तीन दिनों तक चलने वाले इस मंथन के बाद पर्यवेक्षक अपनी विस्तृत रिपोर्ट कांग्रेस हाईकमान को सौंपेंगे। माना जा रहा है कि इस रिपोर्ट के आधार पर पंजाब कांग्रेस में संगठनात्मक बदलावों के साथ-साथ आगामी विधानसभा चुनावों के लिए पार्टी की रणनीति को अंतिम रूप दिया जा सकता है।