परविंदर झोटा हत्याकांड के बाद बाल कौर सिंह का बड़ा फैसला: सिद्धू मूसेवाला का 'होलोग्रैम टूर' स्थगित, कहा- 'हमारे लिए पंजाब सबसे पहले'
- पंजाब
- (Asia/Kolkata)
दिवंगत पंजाबी गायक शुभदीप सिंह उर्फ सिद्धू मूसेवाला के पिता बाल कौर सिंह ने मानसा में नशा-विरोधी नेता परविंदर सिंह झोटा की निर्मम हत्या के बाद पंजाब में बने तनावपूर्ण हालात के मद्देनजर एक बड़ा कदम उठाया है। उन्होंने कनाडा और अमेरिका में चल रहे अपने बेटे के “साइन्ड टू गॉड” (Signed to God) होलोग्रैम टूर के बाकी सभी शो तत्काल प्रभाव से स्थगित (मुल्तवी) कर दिए हैं। सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट साझा करते हुए बाल कौर सिंह ने स्पष्ट किया कि पंजाब में बने मौजूदा तनाव के माहौल और झोटा के कत्ल के विरोध में चल रहे प्रदर्शनों को देखते हुए यह फैसला लिया गया है। उन्होंने जोर देते हुए कहा, “हमारे लिए हमारा पंजाब सबसे पहले है।” उन्होंने कहा कि उनका गृह क्षेत्र मानसा और पूरा पंजाब उनकी पहली प्राथमिकता है। कैलगेरी और अमेरिका के प्रशंसकों से माफी मांगते हुए बाल कौर सिंह ने कहा कि वे इस बार वहां के दर्शकों से नहीं मिल सकेंगे, लेकिन उन्होंने वादा किया कि वे जल्द ही सिद्धू मूसेवाला के संगीत की बेहतर प्रस्तुति के साथ दोबारा वापसी करेंगे। इसके साथ ही उन्होंने टोरोंटो और वैंकूवर में मिले अपार प्रेम के लिए प्रशंसकों का आभार जताया, जहां उनके सभी शो हाउसफुल रहे थे। उल्लेखनीय है कि ये शो पहले ही संपन्न हो चुके हैं, जबकि कैलगेरी और अमेरिका के बाकी बचे शो फिलहाल रोक दिए गए हैं। यह घोषणा 13 अक्टूबर को मानसा के एक मेडिकल स्टोर पर नशा-विरोधी नेता परविंदर सिंह झोटा की गोली मारकर की गई हत्या के बाद से इलाके में लगातार जारी रोस प्रदर्शनों के बीच सामने आई है। बाल कौर सिंह मानसा विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस पार्टी की टिकट के दावेदार भी हैं और मानसा के पास स्थित मूसा गांव के रहने वाले हैं। पिछले कुछ दिनों से बाल कौर सिंह, उनकी पत्नी चरण कौर और छोटा बेटा शुभदीप सिंह (छोटा सिद्धू) इन होलोग्रैम शो के सिलसिले में कनाडा में थे। उधर, इस दुखद घटना के प्रभाव स्वरूप मशहूर पंजाबी अभिनेत्री नीरू बाजवा ने भी रविवार को यह ऐलान किया कि परविंदर झोटा के कत्ल के बाद लोगों में उपजे भारी रोष को देखते हुए वे अपनी नई फिल्म 'थापी' की स्क्रीनिंग रोक रही हैं। सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा करते हुए उन्होंने बताया कि 16 अक्टूबर को दुनिया भर में रिलीज हुई यह फिल्म सोमवार से सिनेमाघरों में प्रदर्शित नहीं की जाएगी।
Leave a Reply