ATF कीमतों में उछाल का असर: इंडिगो ने फिर बढ़ाया उड़ानों का किराया

ATF कीमतों में उछाल का असर: इंडिगो ने फिर बढ़ाया उड़ानों का किराया

देश की प्रमुख एयरलाइन IndiGo ने गुरुवार से अपनी घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के किरायों में वृद्धि कर दी है। एयरलाइन ने घरेलू उड़ानों पर ₹950 तक और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर ₹10,000 तक का अतिरिक्त फ्यूल सरचार्ज लागू किया है। नई दरें 2 अप्रैल को रात 12:01 बजे से प्रभावी हो गई हैं। यह 18 दिनों के भीतर दूसरी बार है जब एयरलाइन ने किरायों में बढ़ोतरी की है। इससे पहले 14 मार्च को भी कंपनी ने घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के किराए में वृद्धि की थी। कंपनी के अनुसार, यह फैसला एविएशन टरबाइन फ्यूल (ATF), जिसे जेट फ्यूल भी कहा जाता है, की कीमतों में तेज वृद्धि के कारण लिया गया है। International Air Transport Association के अनुसार, पिछले महीने ईंधन की कीमतों में 130 प्रतिशत से अधिक की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। हालांकि, नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने एयरलाइनों को पूरा बोझ यात्रियों पर डालने से रोका है। सरकार ने फिलहाल घरेलू उड़ानों के किराए में अधिकतम 25 प्रतिशत तक ही वृद्धि की अनुमति दी है। इंडिगो के मुताबिक, ईंधन लागत को दूरी के आधार पर पुनः निर्धारित किया गया है, यानी यात्रा जितनी लंबी होगी, फ्यूल खर्च उतना अधिक होगा। इस बीच, लागत बढ़ने का एक प्रमुख कारण करों में बढ़ोतरी भी है। बुधवार को राज्यसभा ने एविएशन टरबाइन फ्यूल (ATF) पर अतिरिक्त उत्पाद शुल्क लगाने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी। इस प्रस्ताव के तहत 26 मार्च 2026 की अधिसूचना को स्वीकृति प्रदान की गई है। अब वित्त अधिनियम 2002 में संशोधन करते हुए ATF पर ₹50 प्रति लीटर अतिरिक्त उत्पाद शुल्क लगाया जाएगा।