पुलिस की तत्परता से गुमशुदा बच्चों का पता, माता-पिता ने जताया आभार
- पंजाब
- (Asia/Kolkata)
उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले से लापता हुए चार नाबालिग बच्चों को अमृतसर पुलिस ने बरामद कर लिया है। पुलिस ने बच्चों को गाजियाबाद पुलिस के हवाले कर दिया है, ताकि उन्हें उनके माता-पिता तक सुरक्षित पहुंचाया जा सके। इस संबंध में जानकारी देते हुए एसीपी ईस्ट अनुभव जैन ने बताया कि गाजियाबाद पुलिस द्वारा अमृतसर पुलिस को चार बच्चों के लापता होने की सूचना दी गई थी। प्रारंभिक जांच में यह संभावना जताई गई थी कि बच्चे अमृतसर में हो सकते हैं। सूचना मिलते ही अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए अलग-अलग टीमों का गठन कर बच्चों की तलाश शुरू की। थाना मोहकमपुरा की पुलिस ने विशेष प्रयास करते हुए चारों बच्चों को ढूंढ निकाला और उन्हें सुरक्षित बरामद कर लिया। पूछताछ के दौरान सामने आया कि बच्चों के परिवार में आपसी विवाद हुआ था, जिसके बाद उन्हें एक-दूसरे से मिलने से रोका गया था। इसी कारण बच्चे मानसिक रूप से परेशान थे और आपस में मिलने के लिए घर से निकल गए थे। गौरतलब है कि बच्चों के लापता होने के मामले में 3 अप्रैल को गाजियाबाद के नंदग्राम थाने में केस दर्ज किया गया था। जांच के दौरान बच्चों की लोकेशन अमृतसर में पाई गई, जिसके बाद गाजियाबाद पुलिस ने अमृतसर पुलिस से संपर्क किया। बच्चों के माता-पिता ने अमृतसर पुलिस के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया और बताया कि उनके बच्चे अंशु, अंशिका, खुशी और काजल घर से गायब हो गए थे। पुलिस की संयुक्त कार्रवाई के चलते सभी बच्चों को सुरक्षित ढूंढ लिया गया।
Leave a Reply