पंजाब के 13 जिलों में घने कोहरे की चेतावनी, न्यूनतम तापमान में 0.4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट
- पंजाब
- (Asia/Kolkata)
मौसम विभाग ने आज यानी 27 नवंबर से 28 नवंबर तक पंजाब के 13 जिलों में कुछ स्थानों पर घना कोहरा छाने की चेतावनी जारी की है। इस बीच, प्रदेश में न्यूनतम तापमान में 0.4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है और यह अब सामान्य के करीब पहुंच गया है। मौसम विभाग के अनुसार, पंजाब के पठानकोट, गुरदासपुर, होशियारपुर, तरनतारन, अमृतसर, कपूरथला, जालंधर, रूपनगर, लुधियाना, एसएएस नगर (मोहाली), पटियाला, फतेहगढ़ साहिब और नवांशहर में कुछ जगहों पर घना कोहरा पड़ने की संभावना है। उत्तर दिशा यानी पहाड़ों से बह रही ठंडी हवाओं के कारण तापमान में गिरावट आ रही है। राज्य के 9 जिलों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे लुढ़क गया है। ताजा मौसम पूर्वानुमान के मुताबिक, पंजाब में 3 दिसंबर तक मौसम शुष्क रहने के आसार हैं और इस अवधि के दौरान बारिश की कोई संभावना नहीं है। तापमान के आंकड़ों की बात करें तो उत्तरी और पूर्वी पंजाब में अधिकतम तापमान 24 से 26 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की उम्मीद है, जबकि प्रदेश के बाकी हिस्सों में अधिकतम पारा 26 से 28 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है। मौसम विभाग के अनुसार, दिन का तापमान सामान्य से अधिक रहने की संभावना है, वहीं न्यूनतम तापमान सामान्य के आसपास बना रह सकता है। आने वाले दिनों में मौसम में किसी बड़े बदलाव के संकेत नहीं हैं। मौसम विभाग ने 29 नवंबर से 3 दिसंबर तक की अवधि के लिए पंजाब में किसी तरह की मौसम चेतावनी जारी नहीं की है।
Leave a Reply