तेल कंपनियों ने फिर बढ़ाए दाम, पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बड़ा उछाल

तेल कंपनियों ने फिर बढ़ाए दाम, पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बड़ा उछाल

महंगाई की मार झेल रही आम जनता को सोमवार सुबह एक और बड़ा झटका लगा, जब सरकारी तेल कंपनियों ने पेट्रोल और डीजल की कीमतों में भारी बढ़ोतरी कर दी। नई दरों के अनुसार पेट्रोल की कीमत में 2.61 रुपये प्रति लीटर और डीजल की कीमत में 2.71 रुपये प्रति लीटर की वृद्धि की गई है। पिछले दो सप्ताह से भी कम समय में ईंधन की कीमतों में यह चौथी बड़ी बढ़ोतरी है। 15 मई से शुरू हुआ कीमतों में इजाफे का सिलसिला लगातार जारी है। इस दौरान पेट्रोल और डीजल की कीमतों में कुल मिलाकर करीब 7.5 रुपये प्रति लीटर तक की बढ़ोतरी हो चुकी है। तेल कंपनियों द्वारा अंतरराष्ट्रीय बाजार में बढ़ती कीमतों का सीधा बोझ उपभोक्ताओं पर डाला जा रहा है। लगातार बढ़ती कीमतों के कारण आम लोगों का घरेलू बजट प्रभावित हुआ है और महंगाई बढ़ने की आशंका भी गहरा गई है। विशेषज्ञों का मानना है कि ईंधन महंगा होने से आने वाले दिनों में माल ढुलाई और रोजमर्रा की वस्तुओं की कीमतों में भी बढ़ोतरी हो सकती है। तेल उद्योग से जुड़े सूत्रों के अनुसार, राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में पेट्रोल की कीमत 99.51 रुपये से बढ़कर 102.12 रुपये प्रति लीटर हो गई है। वहीं डीजल की कीमत 92.49 रुपये से बढ़कर 95.20 रुपये प्रति लीटर तक पहुंच गई है। विशेषज्ञों का कहना है कि वैश्विक बाजार में कच्चे तेल की लगातार बढ़ती कीमतों और डॉलर के मुकाबले रुपये की कमजोर होती स्थिति के कारण तेल कंपनियों की आयात लागत में भारी बढ़ोतरी हुई है। इसका सीधा असर अब देश के आम नागरिकों पर पड़ रहा है।