फरीदकोट केंद्रीय जेल में कैदी ने की आत्महत्या, 10 दिनों में तीसरी घटना

फरीदकोट केंद्रीय जेल में कैदी ने की आत्महत्या, 10 दिनों में तीसरी घटना

पंजाब के फरीदकोट केंद्रीय जेल में सोमवार रात (4 मई) एक कैदी द्वारा आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान बलविंदर सिंह पुत्र तारा सिंह के रूप में हुई है, जो फाजिल्का जिले के गांव काठगढ़ का निवासी था। प्राप्त जानकारी के अनुसार, बलविंदर सिंह करीब 11 साल पुराने हत्या के एक मामले में सजा काट रहा था, जो पुलिस स्टेशन सदर जलालाबाद (फाजिल्का) में दर्ज हुआ था। जेल प्रशासन के मुताबिक, कैदी ने अपनी बैरक के बाथरूम में फांसी लगा ली। घटना की जानकारी मिलने पर उसे बेहोशी की हालत में सिविल अस्पताल फरीदकोट ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस मामले की जांच जेल प्रशासन और सिटी फरीदकोट पुलिस द्वारा की जा रही है। उल्लेखनीय है कि पिछले 10 दिनों के भीतर जेल में आत्महत्या का यह तीसरा मामला है। इससे पहले 25 अप्रैल को लुधियाना के कैदी जुगनू बाबा ने आत्महत्या की थी, जबकि 3 मई को फिरोजपुर के कैदी स्वर्णजीत सिंह ने भी फांसी लगाकर अपनी जान दे दी थी। जेल सुपरिंटेंडेंट इकबाल सिंह ने बताया कि प्रशासन समय-समय पर कैदियों और विचाराधीन बंदियों के मानसिक तनाव को कम करने के लिए प्रयास करता है और उन्हें परामर्श भी दिया जाता है। उन्होंने कहा कि कई बार पारिवारिक समस्याओं या लंबे समय तक परिवार से संपर्क न होने के कारण कैदी मानसिक तनाव में आ जाते हैं और ऐसे कदम उठा लेते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि ऐसी घटनाओं की रोकथाम के लिए कैदियों के लिए काउंसलिंग प्रक्रिया को और मजबूत किया जाएगा, ताकि वे मानसिक रूप से स्वस्थ रह सकें।