वियतनाम में भारतीय पर्यटकों के साथ दर्दनाक हादसा, लापता लोगों की तलाश जारी
- अंतरराष्ट्रीय
- (Asia/Kolkata)
वियतनाम के फू क्वोक द्वीप के पास एक पर्यटक नाव के पलट जाने से बड़ा हादसा हो गया। इस दुर्घटना में 15 भारतीय पर्यटकों की मौत हो गई। नाव पर कुल 36 लोग सवार थे, जिनमें से 32 भारतीय नागरिक बताए गए हैं। समाचार एजेंसी रॉयटर्स के अनुसार, हादसे के बाद 21 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया है, जबकि लापता पर्यटकों की तलाश के लिए राहत एवं बचाव अभियान लगातार जारी है। स्थानीय मीडिया के मुताबिक यह दुर्घटना शनिवार सुबह लगभग 10:30 बजे हुई। घटना के बाद भारत के दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर जारी एक पोस्ट में बताया कि फू क्वोक द्वीप के निकट कई भारतीय पर्यटकों को लेकर जा रही एक नाव पलट गई। दूतावास ने कहा कि प्रभावित लोगों और उनके परिजनों की सहायता के लिए हो ची मिन्ह सिटी स्थित भारत के महावाणिज्य दूतावास तथा हनोई स्थित भारतीय दूतावास में कंट्रोल रूम स्थापित किए गए हैं। भारतीय दूतावास ने यह भी बताया कि घटना से संबंधित सभी तथ्यों की जानकारी जुटाई जा रही है और स्थानीय प्रशासन के साथ लगातार संपर्क बनाए रखा गया है। सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर +84 36 281 7930, +84 91 552 37 14 और +84 33 452 0414 जारी किए गए हैं, जिन पर प्रभावित परिवार संपर्क कर सकते हैं।
Leave a Reply