पंजाबी यूनिवर्सिटी और ऑस्ट्रेलियाई बिजनेस स्कूल के बीच समझौता, छात्रों को मिलेंगे वैश्विक अवसर

पंजाबी यूनिवर्सिटी और ऑस्ट्रेलियाई बिजनेस स्कूल के बीच समझौता, छात्रों को मिलेंगे वैश्विक अवसर

पंजाबी यूनिवर्सिटी ने ऑस्ट्रेलिया के प्रतिष्ठित संस्थान यूनिवर्सल बिजनेस स्कूल के साथ एक महत्वपूर्ण समझौता किया है। इस करार का उद्देश्य छात्रों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शिक्षा, इंटर्नशिप और प्लेसमेंट के बेहतर अवसर प्रदान करना है। इस समझौते पर यूनिवर्सिटी की ओर से उप-कुलपति डॉ. जगदीप सिंह और बिजनेस स्कूल की ओर से चांसलर डॉ. गैरी मल्होत्रा ने हस्ताक्षर किए। इस मौके पर उप-कुलपति डॉ. जगदीप सिंह ने बताया कि इस साझेदारी के तहत पंजाबी यूनिवर्सिटी के विद्यार्थियों के लिए ऑस्ट्रेलिया में इंटर्नशिप और रोजगार के नए रास्ते खुलेंगे। उन्होंने आगे कहा कि इस समझौते में छह बिंदुओं वाला कार्यक्रम शामिल है, जिसके अंतर्गत छात्रों को ऑस्ट्रेलिया में पढ़ाई करने और वहां के व्यावसायिक माहौल को समझने का अवसर मिलेगा। इसके अलावा, दोनों संस्थान मिलकर व्यापार और प्रबंधन के क्षेत्र में संयुक्त शोध कार्य भी करेंगे। समझौते के तहत कुछ विशेष डिग्री और डिप्लोमा कार्यक्रम भी शुरू किए जाएंगे, जिनमें पढ़ाई का एक हिस्सा भारत में और बाकी ऑस्ट्रेलिया में पूरा किया जाएगा। इससे छात्रों को ‘ड्यूल डिग्री’ हासिल करने का अवसर मिलेगा, जो उनके करियर के लिए बेहद लाभकारी साबित होगा। इस अवसर पर डॉ. गैरी मल्होत्रा ने भारतीय छात्रों की प्रतिभा की सराहना की। कार्यक्रम में पूर्व उप-कुलपति डॉ. बी. एस. घुम्मण, डीन अकादमिक प्रो. जसविंदर बराड़ और रजिस्ट्रार डॉ. दविंदरपाल सिद्धू भी उपस्थित रहे।